Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

इराक में सत्ता बदली, युवा कारोबारी जैदी बने नए प्रधानमंत्री

वाशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच जारी भारी तनाव के बीच इराक की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिला है। महीनों से चले आ रहे राजनीतिक गतिरोध को खत्म करते हुए इराक में नए नेतृत्व का ऐलान किया गया है। 40 वर्षीय सफल कारोबारी अली अल-जैदी को इराक का नया प्रधानमंत्री नामित किया गया है। इस घोषणा का अमेरिका ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बदलाव पर खुशी जाहिर करते हुए अली अल-जैदी को बधाई दी और भविष्य में दोनों देशों के बीच ‘मजबूत और प्रोडक्टिव’ रिश्तों की उम्मीद जताई है।

इराक की राजनीति में अली अल-जैदी एक बिल्कुल नया चेहरा हैं। उनका राजनीति में कोई लंबा अनुभव नहीं है, बल्कि उन्होंने निजी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। बगदाद में जन्मे जैदी का परिवार दक्षिणी प्रांत धी कार से ताल्लुक रखता है। लॉ और फाइनेंस में स्नातक होने के साथ-साथ उन्होंने बैंकिंग और फाइनेंस में मास्टर डिग्री हासिल की है। वे वर्तमान में नेशनल होल्डिंग कंपनी के प्रमुख हैं, जो कृषि, रियल एस्टेट, रसद और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके अलावा, वे शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों के बोर्ड में भी प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, उनके बैंकिंग करियर से जुड़े कुछ पुराने विवाद भी चर्चा में रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनकी पहचान एक आधुनिक और आर्थिक सोच वाले नेता के रूप में की जा रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में जैदी से एक आतंकवाद मुक्त सरकार बनाने और इराक के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का आह्वान किया है। ट्रंप ने उन्हें सरकार गठन के तुरंत बाद वाशिंगटन आने का औपचारिक न्योता भी दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जैदी का नामांकन अमेरिका के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत है, क्योंकि ट्रंप प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि ईरान समर्थित नेता के सत्ता में आने पर अमेरिका इराक से अपना सहयोग वापस ले सकता है।

अली अल-जैदी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अगले 30 दिनों के भीतर अपनी कैबिनेट तैयार कर संसद में 167 वोटों का बहुमत हासिल करने की है। उन्हें ऐसे समय में देश की कमान संभालनी होगी जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट के कारण इराक की अर्थव्यवस्था दबाव में है। क्षेत्रीय स्थिरता और घरेलू आर्थिक सुधार उनके कार्यकाल की मुख्य परीक्षाएं होंगी।

Comments (0)

Leave a Comment