Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

आईपीएस महेश दीक्षित बने भारत के नए आईबी प्रमुख

नई दिल्ली। भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के तहत, भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी महेश दीक्षित को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी इस नियुक्ति को मंजूरी दी है। आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी दीक्षित, निवर्तमान आईबी निदेशक तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे। उन्हें खुफिया नेटवर्क के मामलों में एक विशेषज्ञ और आतंकवाद के खिलाफ कई मिशनों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। देश में बढ़ती अंदरूनी सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए उनकी इस पोस्टिंग को काफी अहम माना जा रहा है। सुरक्षा से जुड़े एक्सपर्ट्स का कहना है कि उनके तजुर्बे और लीडरशिप से इंटेलिजेंस मजबूत होगी, साथ ही नेशनल सिक्योरिटी से जुड़े मामलों में बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी।

सूत्रों ने बताया है कि दीक्षित फिलहाल आईबी में विशेष निदेशक के तौर पर कार्यरत हैं और उनके पास जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक राज्य खुफिया ब्यूरो के प्रमुख के तौर पर काम करने का गहन अनुभव है। एक पेशेवर चिकित्सक से कानून-प्रवर्तन अधिकारी बने दीक्षित के पास देश की प्रमुख आंतरिक खुफिया एजेंसी में लगभग तीन दशक का व्यापक अनुभव है। उन्होंने पूर्वाेत्तर और लद्दाख में अभियानों से लेकर नक्सल विरोधी प्रकोष्ठों तक, अलग-अलग तरह की संवेदनशील जिम्मेदारियां संभाली हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा और रणनीतिक सोच को दर्शाती हैं। दीक्षित आईबी में मजबूत जमीनी खुफिया नेटवर्क बनाने और आतंकवाद-रोधी मामलों में अपनी विशेष दक्षता के लिए जाने जाते हैं। वह श्रीनगर में सहायक आसूचना ब्यूरो के प्रमुख थे और अधिकारियों के अनुसार, अनुच्छेद-370 को निष्प्रभावी बनाए जाने के बाद वहां आंतरिक स्थिरता बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। पिछले वर्ष दीक्षित ने एक बड़े सफेदपोश आतंकवादी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में भी अहम भूमिका निभाई थी। यह अभियान उन्होंने श्रीनगर पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई शुरुआती जानकारी के आधार पर चलाया था।

मुंबई आतंकी हमले की जवाबी कमान संभाली थी

महेश दीक्षित 30 जून को आसूचना ब्यूरो के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वह 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी तपन कुमार डेका की जगह लेंगे, जिन्हें सरकार ने दो बार सेवा विस्तार दिया था। डेका को जून 2022 में दो वर्ष के लिए आसूचना ब्यूरो का प्रमुख नियुक्त किया गया था, और उनका कार्यकाल 2024 और 2025 में दो बार बढ़ाया गया था। डेका को विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर और देश के पूर्वाेत्तर क्षेत्र में अभियानों का विशेषज्ञ माना जाता है। नवंबर 2008 में हुए मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान जवाबी अभियानों की कमान उन्हीं के हाथों में थी। आतंकवाद और इस्लामी कट्टरपंथ से जुड़े मामलों को संभालने में दक्ष डेका ने इंडियन मुजाहिदीन के खिलाफ अभियानों का भी नेतृत्व किया था। इंडियन मुजाहिदीन 2000 के दशक में देशभर में कई विध्वंसक गतिविधियों में शामिल रहा था। महेश दीक्षित की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत को क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर कई नई सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, और उम्मीद है कि उनके व्यापक अनुभव से देश की खुफिया क्षमताएं और मजबूत होंगी।


Comments (0)

Leave a Comment