Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

आकांक्षा चमोला ने किया गौरव खन्ना से तलाक लेने का ऐलान

मुंबई । छोटे परदे की अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को चौंका दिया। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के पहले ही एपिसोड में शो की होस्ट फराह खान के सामने आकांक्षा ने खुलासा किया कि वह और उनके पति तथा टीवी अभिनेता गौरव खन्ना अब अपने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया है। आकांक्षा चमोला ने बताया कि वह और गौरव खन्ना पिछले लगभग एक वर्ष से अलग रह रहे हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपने अलगाव की जानकारी सार्वजनिक नहीं की और इसे निजी ही रखा। उनके अनुसार, यह फैसला किसी विवाद, झगड़े या कटुता का परिणाम नहीं है, बल्कि दोनों ने आपसी समझदारी से यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उनके बीच आज भी सम्मान और संवाद कायम है, लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि जीवन को लेकर दोनों की प्राथमिकताएं और सोच अब अलग हो चुकी हैं। 

उन्होंने यह भी बताया कि रिश्ते में दूरी आने की शुरुआत उस समय हुई थी, जब गौरव खन्ना ने ‘बिग बॉस 19’ में हिस्सा लिया था। उस दौरान परिवार के सदस्यों ने दोनों को कुछ समय अलग रहने की सलाह दी थी, ताकि वे अपने रिश्ते को बेहतर ढंग से समझ सकें। उम्मीद थी कि दूरी उन्हें एक-दूसरे के करीब ले आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आकांक्षा के मुताबिक, अलग रहने के बाद भी कई मौकों पर दोनों साथ नजर आए, जिससे लोगों को लगा कि वे अपने रिश्ते को एक और मौका देंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उनके बीच पति-पत्नी जैसा भावनात्मक जुड़ाव नहीं बचा है। ऐसे में केवल रिश्ता निभाने के लिए साथ रहना उन्हें उचित नहीं लगा और इसी कारण दोनों ने अलग होने का निर्णय लिया। 

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने वर्ष 2016 में विवाह किया था। दोनों की शादी को करीब नौ साल हो चुके हैं। गौरव खन्ना टीवी धारावाहिक ‘अनुपमा’ से घर-घर में लोकप्रिय हुए। इससे पहले ‘बिग बॉस 19’ के दौरान उन्होंने पिता बनने की इच्छा भी जाहिर की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि आकांक्षा फिलहाल मां बनने के लिए तैयार नहीं थीं, क्योंकि दोनों अपने-अपने करियर में व्यस्त थे और बच्चे की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति पर नहीं छोड़ना चाहते थे। उस समय उनके इस बयान को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। 

Comments (0)

Leave a Comment