Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

आम्रपाली दुबे ने पवन सिंह को शादी के लिए किया प्रपोज

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और अभिनेता पवन सिंह की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है। दोनों की दोस्ती और मजाकिया अंदाज के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में आम्रपाली दुबे ने पवन सिंह से शादी की बात कहकर उन्हें कुछ पल के लिए हैरान कर दिया। हालांकि, बाद में आम्रपाली के हंसने से साफ हो गया कि वह यह बात मजाकिया अंदाज में कह रही थीं। आम्रपाली दुबे इन दिनों ‘भोजपुरी बवाल’ शो में नजर आ रही हैं। शो में उनके साथ दिनेश लाल यादव, पवन सिंह, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी शामिल हैं। शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इसी बीच वायरल हुए एक वीडियो में आम्रपाली और पवन सिंह के बीच हुई बातचीत ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया।

वीडियो में आम्रपाली गंभीर अंदाज में पवन सिंह से कहती हैं कि बच्चे को अकेले पालना मुश्किल होता है। इसके बाद वह कहती हैं कि दोनों को शादी कर लेनी चाहिए और मिलकर बच्चे की परवरिश करनी चाहिए। आम्रपाली की यह बात सुनकर पवन सिंह कुछ क्षण के लिए चौंक जाते हैं और उनकी ओर देखने लगते हैं। इसके बाद आम्रपाली हंस पड़ती हैं और पवन सिंह भी मुस्कुराने लगते हैं। इसके बाद आम्रपाली ने पवन सिंह से पूछा कि क्या उन्हें कभी अकेलापन महसूस होता है। उन्होंने कहा कि पवन अच्छे इंसान हैं और दूसरों के लिए बहुत कुछ करते हैं, लेकिन उन्हें अपने बारे में भी सोचना चाहिए। आम्रपाली ने यह भी कहा कि पवन बच्चों से काफी लगाव रखते हैं और अक्सर उन्हें गोद में उठा लेते हैं।

इस पर पवन सिंह ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनकी जिंदगी में कुछ कमी जरूर है। हालांकि, उन्होंने अपनी मां को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। पवन सिंह के मुताबिक, उनकी मां चाहती हैं कि उनके चारों बच्चे एक परिवार की तरह रहें और सभी अपनी जिंदगी में व्यवस्थित हो जाएं। उन्होंने कहा कि बाकी सब महादेव के हाथ में है। आम्रपाली और पवन सिंह की यह बातचीत ऐसे समय में सामने आई है, जब ‘भोजपुरी बवाल’ शो में आम्रपाली और काजल राघवानी के बीच कथित विवाद भी सुर्खियों में है। काजल ने आरोप लगाया है कि कई फिल्मों और गानों से उन्हें हटाकर आम्रपाली को मौका दिया गया। उन्होंने इस मामले में दिनेश लाल यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं पवन सिंह ने आम्रपाली और दिनेश लाल यादव का समर्थन किया है। तीनों कलाकारों के बीच दोस्ती लंबे समय से चर्चा में रही है।

Comments (0)

Leave a Comment