Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

आपातकाल के 51 साल होने पर बीजेपी मना रही संविधान हत्या दिवस

नई दिल्ली। देश में लगाए गए आपातकाल के 51 साल होने पर बीजेपी गुरुवार को संविधान हत्या दिवस मना रही है। पार्टी इस अवसर पर बिहार, हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। बीजेपी का कहना है कि 25 जून 1975 को तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी द्वारा लगाए आपातकाल ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रताओं को गंभीर नुकसान पहुंचाया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मौके पर बीजेपी ने देशभर में कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है, जिनका उद्देश्य आपातकाल के दौरान हुई घटनाओं और उसके प्रभावों को लोगों तक पहुंचाना है। बिहार में इस अवसर पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य के करीब 90,000 बूथों पर आयोजन होंगे। पटना में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आपातकाल विरोधी आंदोलन में शामिल होकर 450 जेपी सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करेंगे।

बीजेपी के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल और पवन जायसवाल ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया था और राजनीतिक सत्ता बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की गई थी। जायसवाल ने बताया कि 30 जून से 6 जुलाई तक बिहार के सभी 52 संगठनात्मक जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा बीजेपी के युवा और महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के पांच प्रशासनिक प्रमंडलों में छात्र सम्मेलन भी आयोजित होंगे। वहीं, हरियाणा में भी बीजेपी नेताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के सबसे अंधकारमय दौरों में से एक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला गया, संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर की गई और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी प्रतिबंध लगाए गए। हजारों लोकतंत्र सेनानियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया, जबकि मीडिया पर कड़ी सेंसरशिप लागू की गई थी। घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि आरएसएस और तत्कालीन भारतीय जनसंघ ने आपातकाल का विरोध करते हुए लोकतंत्र की बहाली के लिए देशभर में आंदोलन चलाए थे। उन्होंने बताया कि संविधान हत्या दिवस मनाने का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को सम्मान देना और नई पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और उसके परिणामों से अवगत कराना है। हरियाणा बीजेपी की ओर से गुरुवार शाम 5 बजे पंचकुला स्थित अटल सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Comments (0)

Leave a Comment