Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अच्छे कलाकार बनने के लिए धैर्य, मेहनत जरुरी: सई मांजरेकर

मुंबई । अभिनेत्री सई मांजरेकर का मानना है कि एक अच्छे कलाकार बनने के लिए धैर्य, मेहनत और सही प्रोजेक्ट का चुनाव बेहद जरूरी होता है। अभिनेत्री का कहना है कि वह ऐसे काम का हिस्सा बनना चाहती हैं, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखे। सई मांजरेकर ने हाल ही में मीडिया से अपने करियर और काम करने के तरीके को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अब उन्हें यह समझ आ गया है कि एक अभिनेता के रूप में खुद को समय देना बहुत जरूरी है। अभिनेत्री के मुताबिक वह मौजूदा ट्रेंड के पीछे भागने में विश्वास नहीं रखतीं, बल्कि ऐसे प्रोजेक्ट चुनना पसंद करती हैं जो उन्हें एक कलाकार के तौर पर आगे बढ़ने और सीखने का अवसर दें। सई ने कहा कि जब कोई काम पूरी ईमानदारी और दिल से किया जाता है, तो उसका असर दर्शकों पर गहरा पड़ता है और लोग उसे लंबे समय तक याद रखते हैं। उनके अनुसार अभिनय केवल कैमरे के सामने आकर संवाद बोलना नहीं है, बल्कि हर किरदार को महसूस करना और उसमें सच्चाई लाना भी उतना ही जरूरी है। यही वजह है कि वह जल्दबाजी में ज्यादा प्रोजेक्ट साइन करने के बजाय सोच-समझकर काम चुनती हैं। अभिनेत्री ने कहा कि वह अपने हर नए प्रोजेक्ट के साथ खुद को बेहतर बनाना चाहती हैं। उनके लिए यह ज्यादा महत्वपूर्ण है कि वह अपने काम के प्रति ईमानदार रहें और ऐसी कहानियों का हिस्सा बनें, जिनसे वह खुद भी भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करें। सई के मुताबिक लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए कलाकार का अपने काम के प्रति सच्चा होना जरूरी है। 

उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने हर किरदार में गहराई और सच्चाई लाने की कोशिश करती हैं ताकि दर्शक उससे खुद को जोड़ सकें। सई का मानना है कि अभिनय में वास्तविक भावनाएं ही किसी किरदार को खास बनाती हैं। इन दिनों सई मांजरेकर अपनी आगामी फिल्म ‘इंडिया हाउस’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म आजादी से पहले के दौर की कहानी पर आधारित है, जिसमें उस समय के सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा। फिल्म को अभिनेता राम चरण अपने प्रोडक्शन हाउस के जरिए प्रोड्यूस कर रहे हैं और यह उनके प्रोडक्शन करियर का पहला प्रोजेक्ट भी माना जा रहा है। 

Comments (0)

Leave a Comment