Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अक्षय कुमार ने की ‘मुंबई क्लीन लीग’ शुरू करने की घोषणा

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मायानगरी मुंबई को साफ और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू करने की घोषणा की है। अक्षय कुमार ने ‘मुंबई क्लीन लीग’ नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस मुहिम से जोड़ना है। अक्षय कुमार ने बताया कि इस लीग का विचार उन्हें खेल जगत की लोकप्रिय प्रतियोगिता इंडियन प्रीमियर लीग को देखकर आया।

उन्होंने कहा कि इस लीग में खेल और मनोरंजन से जुड़े तत्वों को सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि लोग स्वच्छता के अभियान में उत्साह के साथ भाग लें। उनके अनुसार, यदि स्वच्छता को प्रतियोगिता और मनोरंजन के रूप में प्रस्तुत किया जाए तो अधिक से अधिक लोग इसमें रुचि दिखाएंगे। अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने इस विचार को सबसे पहले अमित साटम के साथ साझा किया था। उन्होंने कहा कि मुंबई में अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग रहते हैं और हर कोई यहां बेहतर जीवन जीने का सपना लेकर आता है। हालांकि शहर में जगह की कमी है और जनसंख्या बहुत अधिक है, फिर भी यहां के लोगों में ऊर्जा और उत्साह की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और यहां रहने वाला हर व्यक्ति साफ-सुथरे और प्रदूषण मुक्त वातावरण में जीवन बिताना चाहता है। अभिनेता ने अपने स्कूल के दिनों का उदाहरण देते हुए इस लीग के विचार को समझाया। 

उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्पोर्ट्स डे, एलोकेशन डे और मॉनिटर सिस्टम जैसी गतिविधियां होती थीं, जहां हर छात्र पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर आने की कोशिश करता था। उसी तरह ‘मुंबई क्लीन लीग’ में भी अलग-अलग इलाकों या समूहों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होगी, जिससे लोग अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित होंगे। अक्षय कुमार का मानना है कि यदि इस अभियान को सही तरीके से लागू किया गया, तो यह पूरे शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।

Comments (0)

Leave a Comment