Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

अंकुर और दीया ने रोमांचक मुकाबलों में जीते राष्ट्रीय रैंकिंग खिताब

पंचकूला । हरियाणा के अंकुर भट्टाचार्जी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की दीया चितले ने दूसरे राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चौंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला एकल खिताब जीत लिए। ताऊ देवी लाल इंडोर हॉल में खेले गए दोनों फाइनल बेहद रोमांचक रहे। अंकुर ने महाराष्ट्र के रेगन अल्बुकर्क और दीया ने पश्चिम बंगाल की 17 वर्षीय सिंड्रेला दास को 4-3 से हराया। अंडर-19 वर्ग में रेलवे के प्रियांनुज भट्टाचार्य और महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने खिताब अपने नाम किए।

पुरुष एकल फाइनल में अंकुर ने शुरुआती गेम 11-8 से जीता, लेकिन अगले दो गेम गंवा दिए। इसके बाद उन्होंने चौथा और पांचवां गेम जीतकर वापसी की। रेगन ने छठा गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया, लेकिन अंकुर ने सातवें गेम में 11-5 से जीत दर्ज कर सत्र का पहला खिताब हासिल किया। अंकुर ने इससे पहले सेमीफाइनल में रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) के जीत चंद्रा को 4-1 से हराया था। रेगन ने दूसरी वरीयता प्राप्त मानव ठक्कर को 4-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

महिला एकल फाइनल में दीया चितले ने शुरुआती तीन गेम जीतकर मजबूत बढ़त बनाई, लेकिन सिंड्रेला ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला 3-3 से बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में दीया ने संयम बनाए रखा और 11-9 से जीतकर खिताब पर कब्जा किया। सिंड्रेला ने दमदार बैकहैंड और आक्रामक खेल से मुकाबले को रोमांचक बनाया, लेकिन निर्णायक क्षणों में दीया भारी पड़ीं। सेमीफाइनल में सिंड्रेला ने सुतीर्था मुखर्जी को 4-3 से और दीया ने स्वस्तिका घोष को 4-1 से हराया।

अंडर-19 में प्रियांनुज और दिव्यांशी का खिताबी प्रदर्शन 

अंडर-19 बालक एकल फाइनल में रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के प्रियांनुज भट्टाचार्य ने तमिलनाडु के पीबी अभिनंद को हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास को 11-8, 11-8, 11-9, 11-9 से हराकर 4-0 से खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग के सेमीफाइनल में प्रियांनुज ने पश्चिम बंगाल के पुनीत बिस्वास और अभिनंद ने ओडिशा के सार्थक आर्य को 3-1 से हराया। बालिका वर्ग में सिंड्रेला ने तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 3-1 से मात दी, जबकि दिव्यांशी ने एम. हंसिनी को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक गेम में दिव्यांशी ने 13-11 से जीत दर्ज की।

पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में अंकुर ने शीर्ष वरीय मनुष शाह को 3-0 से हराया। जीत चंद्रा ने सानिल शेट्टी और रेगन ने पायस जैन को 3-2 से, जबकि मानव ठक्कर ने सौरव साहा को 3-1 से पराजित किया। महिला वर्ग में सिंड्रेला ने अनन्या चांडे को 3-1, सुतीर्था ने याशिनी शिवशंकर को 3-0, दीया ने दिव्यांशी भौमिक को 3-0 और स्वस्तिका घोष ने अनन्या मुरलीधरन को 3-2 से हराया।

Comments (0)

Leave a Comment