Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अराजकता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं -योगी

लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है, इसके शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन में किसी प्रकार की बाधा पैदा करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक सीएम योगी ने अधिकारियों को भ्रामक और मिथ्या समाचार फैलाकर माहौल बिगाड़ने के हर प्रयास का खंडन करने का निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सीएम गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, बाढ़ की स्थिति, आगामी पर्व एवं त्योहारों की तैयारियों, खाद की उपलब्धता और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक योगी ने कहा कि आज जब समाज में जातीय विद्वेष फैलाने की साजिशें की जा रही हैं, ऐसे समय में कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है। समीक्षा में एडीजी, मेरठ ने बताया कि सीमावर्ती राज्यों का पूरा सहयोग मिल रहा है। पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद ने जानकारी दी कि अब तक करीब 70 हजार कांवड़ यात्री जनपद से गुजर चुके हैं। अगले एक दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ सकती है। सीएम योगी ने कहा कि यह स्वागतयोग्य है कि मुस्लिम समुदाय ने उर्स के अवसर पर शाकाहारी भोजन वितरण की व्यवस्था की है और शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए उर्स के आयोजन को सीमित दायरे में रखा है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण है। बलिया, बाराबंकी और उन्नाव समेत बाढ़ प्रभावित आठ जनपदों के जिलाधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी तत्परता से जारी रहें और कहीं भी सहायता में कोई कमी न रहे।

Comments (0)

Leave a Comment