Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

बारिश और प्रदर्शन के चलते कई राज्यों में स्कूल बंद

नई दिल्ली। देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है और कई राज्यों में मानसून का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। मूसलाधार बारिश और संभावित खतरों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर कई जगहों पर स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उत्तराखंड से लेकर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार तक मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कुछ खास इलाकों में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और धार्मिक यात्रा के चलते भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण लगातार परेशानियां बढ़ रही हैं। कई जिलों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। मौसम के अलावा कुछ राज्यों में प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था के कारणों से भी स्कूल बंद हैं। झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी छात्रों का जोरदार प्रदर्शन चल रहा है। इस माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई स्कूलों को बंद रखने या उनकी टाइमिंग में बदलाव करने का फैसला लिया है। रांची में लगभग 15 स्कूलों के बंद रहने की खबर है।

उधर, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों जैसे मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के चलते सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है। हालांकि, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज जरूर बदल रहा है, लेकिन फिलहाल स्कूलों को बंद रखने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। भारी बारिश, भूस्खलन के खतरे, छात्र प्रदर्शन और कांवड़ यात्रा के चलते जिन इलाकों में एहतियातन स्कूल बंद रखे गए हैं, वहां के अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले संबंधित स्कूल प्रशासन या स्थानीय स्थिति का स्टेटस जरूर जांच लें।


Comments (0)

Leave a Comment