Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

बेटियों का दबदबा कायम

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने कक्षा 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा 2026 का परिणाम आज जारी कर दिया। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सुबह आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों के नतीजे एक साथ घोषित किए। इस वर्ष भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। 

इस बार परीक्षा में 9 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें से 96.23 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। टॉपर्स की सूची में दीपिका ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि नव्या मीणा ने 99.6 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बोर्ड प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहा है। यदि स्ट्रीमवार प्रदर्शन की बात करें तो विज्ञान संकाय का परिणाम 97.52 प्रतिशत, वाणिज्य का 93.64 प्रतिशत और कला संकाय का 97.54 प्रतिशत रहा। विज्ञान और कला वर्ग में लड़कियों ने बाजी मारी, जबकि वाणिज्य संकाय में लड़कों का प्रदर्शन बेहतर रहा। 

विज्ञान संकाय में 98.34 प्रतिशत छात्राएं पास 

विज्ञान संकाय में कुल 2,87,068 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,85,299 परीक्षा में शामिल हुए। इस वर्ग में 97.02 प्रतिशत छात्र और 98.34 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की, जिसमें छात्राओं का प्रतिशत अधिक रहा।

वाणिज्य संकाय में लड़कों ने मारी बाजी 

वाणिज्य संकाय में 30,798 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 30,580 परीक्षा में बैठे। यहां कुल परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। लड़कों का पास प्रतिशत 94.04 रहा, जो लड़कियों के 92.82 प्रतिशत से अधिक है।

कला संकाय में छात्राएं रहीं आगे 

कला संकाय में सबसे अधिक 5,91,023 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 5,83,201 परीक्षा में शामिल हुए। इस वर्ग में कुल परिणाम 97.54 प्रतिशत रहा, जिसमें 98.29 प्रतिशत छात्राएं और 96.68 प्रतिशत छात्र पास हुए।

असंतुष्ट विद्यार्थी 15 दिनों के भीतर करें आवेदन 

बोर्ड ने परिणाम के साथ ही स्क्रूटनी और री-चेकिंग के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे 15 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, एक या दो विषयों में असफल छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसी के साथ विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं। 

Comments (0)

Leave a Comment