Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत का मामला

नई दिल्ली । राजस्थान के बीकानेर स्थित पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद महिलाओं की मौत और गंभीर रूप से बीमार होने के मामलों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले की पड़ताल में  जांच में सामने आया है कि अब तक किसी एक वजह या एक जैसी गड़बड़ी को इन घटनाओं का कारण नहीं माना जा सकता। जांच में हर मामले की परिस्थितियां अलग-अलग पाई गई हैं, जिससे कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया और जटिल हो गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ महिलाओं में प्रसव के बाद संक्रमण, कुछ में किडनी फेल होने जैसी गंभीर समस्याएं और कई मामलों में मल्टी ऑर्गन फेलियर के लक्षण सामने आए। विशेषज्ञों का कहना है कि सभी मामलों को एक ही कारण से जोड़ना फिलहाल संभव नहीं है। इसी वजह से हर मरीज के उपचार, दवाओं, ऑपरेशन प्रक्रिया और अस्पताल की व्यवस्थाओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। राजस्थान सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की है। इसके अलावा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली के विशेषज्ञों की टीम भी जांच में शामिल है। जांच दल अस्पताल के रिकॉर्ड, दवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था और ऑपरेशन के बाद दी गई चिकित्सा सेवाओं का विस्तृत परीक्षण कर रहा है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौतों और गंभीर बीमारियों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिलते हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और सरकार ने मामले की लगातार निगरानी करने की बात कही है।

Comments (0)

Leave a Comment