Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

बॉलीवुड डेब्यू सपना सच होने जैसा- ईशा मालवीय

मुंबई । बॉलीवुड में कदम रखने जा रही अभिनेत्री ईशा मालवीय का कहना है कि एक आउटसाइडर होने के बावजूद उन्हें बॉलीवुड फिल्म में काम करने का अवसर मिला है, जो उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। छोटे पर्दे पर अपनी पहचान बनाने के बाद अभिनेत्री ईशा मालवीय अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ से बड़े पर्दे पर नई पारी शुरू करने को लेकर ईशा बेहद उत्साहित हैं। हालांकि, पहली फिल्म होने के कारण उनके मन में घबराहट भी है, लेकिन इस नए सफर की खुशी उनके डर पर भारी है। मीडिया से ईशा मालवीय ने अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर कई बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि पहली फिल्म होने की वजह से वह नर्वस हैं और मन में डर भी है, लेकिन उनकी खुशी इससे कहीं ज्यादा है। 

एक आउटसाइडर के तौर पर बड़े पर्दे तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। वह अपनी फिल्म को दर्शकों के सामने लाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, संघर्ष और माता-पिता के योगदान को भी दिया। उन्होंने कहा कि वह खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हैं। अब तक उन्होंने जो मेहनत की और जिंदगी में जिन मुश्किलों का सामना किया, उसका परिणाम सामने आ रहा है। इस सफर में उनके माता-पिता ने भी कई परेशानियां झेली हैं। ऐसे में बॉलीवुड में डेब्यू करना उनके लिए बेहद भावुक और खुशी का पल है। ईशा ने बताया कि कई बार उन्हें अब भी यकीन नहीं होता कि वह वास्तव में किसी बॉलीवुड फिल्म का हिस्सा बन चुकी हैं। 

उन्हें ऐसा लगता है, जैसे वह कोई सपना देख रही हों। हालांकि, जब वह फिल्म से जुड़े लोगों को अपने साथ देखती हैं, तो उन्हें एहसास होता है कि उनका सपना हकीकत बन रहा है। उन्होंने इस अनुभव को खास बताते हुए कहा कि वह अपने करियर के इस नए अध्याय को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ की कहानी के बारे में बात करते हुए ईशा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह उन दर्शकों को पसंद आएगी, जो पर्दे पर एक सरल और खूबसूरत प्रेम कहानी देखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, आजकल फिल्मों में हिंसा और खून-खराबे की अधिकता को लेकर दर्शक सवाल उठाते हैं। ऐसे में एक सीधी-सादी प्रेम कहानी की जरूरत महसूस होती है। इसी सोच के साथ फिल्म दर्शकों के सामने लाई जा रही है। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी ‘तुम मेरे हो’ एक म्यूजिकल फिल्म है। इसमें ईशा मालवीय के साथ अभिनेता गुरमीत चौधरी भी नजर आएंगे।

Comments (0)

Leave a Comment