Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

बवाल के बाद प्रीति जिंटा ने दी अपने बयान पर सफाई

मुंबई । अपनी आगामी फिल्म बंटवारा 1947 के साथ आठ साल बाद बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में फिल्म में अपने किरदार को लेकर दिए गए एक बयान पर बवाल मचने के बाद सफाई पेश की है। अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी बातों को गलत संदर्भ में पेश किया गया था और उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने के बाद ही महिलाओं के चित्रण को लेकर कोई राय बनाने की अपील की है। दरअसल, प्रीति ने एक साक्षात्कार में बंटवारा 1947 में अपने किरदार के दैनिक कार्यों जैसे खाना बनाना, सफाई करना और सिलाई-कढ़ाई करने के बारे में बात की थी। उन्होंने निर्देशक राजकुमार संतोषी के साथ अपनी बातचीत का जो ब्योरा दिया, उसके बाद सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छिड़ गई थी।

कई लोगों ने इसे रूढ़िवादी चित्रण बताया था। इसी बीच, एक ऑनलाइन पोर्टल ने एक ओपिनियन पीस प्रकाशित किया, जिसका शीर्षक था प्रिय राजकुमार संतोषी, 1947 से पहले की भारतीय महिलाएं सिर्फ पत्नियां, मांएं या विद्रोही नहीं थीं। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रीति जिंटा ने लिखा कि उनकी शूटिंग के अनुभव पर यह राय पूरी तरह से गलत संदर्भ में ली गई है। उन्होंने हैरानी जताई कि लोग बिना पूरी बात और संदर्भ समझे किसी भी बयान पर इतनी जल्दी प्रतिक्रिया क्यों देते हैं। प्रीति ने जोर देकर कहा कि यह फिल्म एक विशेष परिवार की कहानी पर आधारित है और इसका उद्देश्य पूरे समाज पर कोई एक राय थोपना नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म देखे बिना निर्देशक या फिल्म के बारे में ऐसे नतीजे पर पहुंचना न सिर्फ गलत है, बल्कि सरासर अन्याय भी है और पत्रकारिता को जिम्मेदार और निष्पक्ष होना चाहिए। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब प्रीति ने एक इंटरव्यू में पीरियड ड्रामा फिल्मों में काम करने की अपनी इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने बताया था कि वह उस दौर के कपड़े, रहन-सहन और खान-पान से हमेशा आकर्षित रही हैं। 

सेट पर, जब वह अक्सर निर्देशक राजकुमार संतोषी से अपने किरदार के लिए निर्देश पूछती थीं, तो उन्हें अक्सर कहा जाता था, प्रीति, आप खाना बनाओ, या सफाई करो, या सिलाई-कढ़ाई करो। जब प्रीति ने इस पर सवाल किया, तो निर्देशक ने 1947 के दौर की महिलाओं की स्थिति समझाते हुए कहा कि उस समय उनके पास स्वतंत्रता सेनानी बनने के अलावा कोई दूसरा करियर विकल्प नहीं होता था। निर्देशक के अनुसार, उस दौर में एक महिला का परिवार, पति, बच्चे और घर ही उनका करियर होता था। बंटवारा 1947 राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी है और इसमें प्रीति जिंटा एक बार फिर सनी देओल के साथ नजर आएंगी। फिल्म में शबाना आजमी भी अहम किरदार में हैं।


Comments (0)

Leave a Comment