Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

दिल्ली में ईंधन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ईंधन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके दो प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सरदार सिंह और उसके साले रिंकू के रूप में हुई है। दोनों पर कई राज्यों में ईंधन चोरी से जुड़े मामलों में पहले से ही रिकॉर्ड मौजूद है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़ी पाइपलाइन सहित देश के कई राज्यों—हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और असम—में ईंधन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने इसी वर्ष ईंधन चोरी के एक मामले में दोनों के खिलाफ एफआईटार दर्ज की थी, जिसके बाद से वे फरार चल रहे थे। दोनों पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी सरदार सिंह का अपराध इतिहास लगभग 32 साल पुराना है। उसके खिलाफ कुल 19 मामले दर्ज हैं, जिनमें पहला केस 1992 में दर्ज हुआ था—वह भी दिल्ली एयरपोर्ट की पाइपलाइन से ईंधन चोरी का ही था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी रात के अंधेरे में अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से पाइपलाइन में सेंध लगाते थे। वे पाइपलाइन पर अस्थायी कनेक्शन जोड़कर टैंकरों में ईंधन भरते और इसे ब्लैक मार्केट में बेचकर भारी मुनाफा कमाते थे। लंबे समय तक सावधानी से काम करने की वजह से वे पुलिस की पकड़ से दूर रहे। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर इनकी लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद एक विशेष टीम ने दिल्ली में छिपे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। अधिकारियों को शक है कि कहीं तेल कंपनियों के कुछ कर्मचारी या पाइपलाइन सुरक्षा से जुड़े लोग भी इस नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं, जो सूचना देकर चोरी को आसान बनाते थे।

गिरोह के भंडाफोड़ से पुलिस को उम्मीद है कि दिल्ली और आसपास के राज्यों में ईंधन चोरी की घटनाओं पर अब काफी हद तक लगाम लगेगी।

Comments (0)

Leave a Comment