Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

दो अक्टूबर से शुरु हो सकता है 2027 एकदिवसीय विश्वकप - रिपोर्ट

जोहांसबर्ग । 2027 एकदिवसीय विश्वकप टूर्नामेंट  2 अक्टूबर से शुरु होने की संभावना है। इस  टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रुप से कर रहे हैं।  एक रिपोर्ट के अनुसार विश्वकप 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर शुरु हो सकता है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हालांकि अभी तक इस बार में कोई बयान नहीं दिया है पर माना जा रहा है कि महात्मा गांधी का दक्षिण अफ्रीका से गहरा नाता रहा है, उन्होंने अपने जीवन के  21 साल यहां बिताए थे।

ऐसे में इस खास तारीख से टूर्नामेंट को शुरु कर आईसीसी उनके शांति और अहिंसा के वैश्विक संदेश को सम्मान दे सकता है। इस बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट को गांधी जयंती से जोड़ना एक प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है। वहीं पहले विश्वकप का उद्घाटन 8 अक्टूबर को प्रस्तावित था और अभ्यास मैच अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने थे पर अब नई योजना के तहत, अभ्यास मुकाबलों को सितंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है, जिससे मुख्य टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से शुरू हो सके और इस महत्वपूर्ण तारीख को समायोजित किया जा सके। तकरीबन  50 दिनों तक चलने वाले इस लंबे टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इसका फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेले जाने की संभावना है। इस टूर्नामेंट में दुनिया भर की शीर्ष क्रिकेट टीमों को खिताब के लिए मुकाबला करते देखा जा सकता है।

टूर्नामेंट के लिए दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 शहरों को मेजबानी के लिए चुना गया है। दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग का वांडरर्स, सेंचुरियन, केपटाउन का न्यूलैंड्स, डरबन का किंग्समीड, गक्बेरहा का सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लोमफोंटेन का मंगाउंग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और बफेलो पार्क जैसे प्रमुख स्टेडियम मुकाबले आयोजित करेंगे। जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो का क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और विक्टोरिया फॉल्स का मोसी-ओआ-तुन्या स्टेडियम मैचों की मेजबानी करेगा। वहीं, नामीबिया की राजधानी विंडहोक का राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान भी इस वैश्विक आयोजन का हिस्सा होगा।

विश्वकप एक नए और रोमांचक प्रारूप के साथ खेला जाएगा। इसकी शुरुआत तीन टीमों की सुपर सीरीज से होगी, जिसमें से एक टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। इसके बाद, शेष 12 टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा, हर समूह में छह टीमें होंगी। ग्रुप चरण के बाद, टीमें सुपर सेवन चरण में आगे बढ़ेंगी, जो सेमीफाइनल और फिर फाइनल तक का रास्ता तय करेगा। इस तरह, खिताब जीतने के लिए टीमों को कई चुनौतीपूर्ण चरणों से गुजरना होगा। अब तक 10 टीमों ने विश्वकप 2027 के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। इनमें मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के अलावा भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान शामिल हैं। शेष चार स्थानों का निर्धारण अगले साल होने वाले 10 टीमों के क्वालीफाइंग टूर्नामेंट से होगा, जिसमें नामीबिया, वेस्टइंडीज और आयरलैंड जैसी टीमें भी विश्व कप में अपनी जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Comments (0)

Leave a Comment