Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

दूरसंचार कंपनी नोकिया चीन से कारोबार समेटने की तैयारी में

नई दिल्ली । चीन में दूरसंचार कंपनी नोकिया करीब 20 साल पुराने कारोबार को समेटने की तैयारी में है। नोकिया 2026 के अंत तक चीन में अपने कई दफ्तर और संचालन केंद्र बंद कर सकती है। इस फैसले का सबसे बड़ा असर हांग्जो स्थित उसके अनुसंधान एवं विकास केंद्र पर पड़ेगा, जहां करीब 1,600 कर्मचारियों के प्रभावित होने की बात कही जा रही है। बीजिंग, चेंगदू, छिंगदाओ और शंघाई के कार्यालय भी बंद किए जाएंगे। 

नोकिया ने 2025 के अंत में नोकिया शंघाई बेल पर पूर्ण नियंत्रण हासिल किया था। कंपनी अब चीन में नए स्थानीय उपकरणों के निर्माण के बजाय मौजूदा ग्राहकों को सेवाएं देने पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रही है। चीन में कारोबार में लगातार आई गिरावट भी इस फैसले की प्रमुख वजह मानी जा रही है। नोकिया और चीन के संबंधों में तनाव 2020-21 के दौरान बढ़ा, जब फिनलैंड और स्वीडन ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए हुआवेई और जेडटीई को अपने 5जी नेटवर्क से बाहर कर दिया। अमेरिका पहले ही चीनी दूरसंचार कंपनियों के खिलाफ सख्त कदम उठा चुका था। इसके बाद यूरोप के कई देशों ने भी सुरक्षा जांच और प्रतिबंध बढ़ाए। चीन की ओर से भी यूरोपीय कंपनियों पर दबाव बढ़ा। रिपोर्टों के मुताबिक, 2018 में चीन से नोकिया की आय करीब 2.5 अरब डॉलर थी, जो पिछले साल घटकर लगभग 1.06 अरब डॉलर रह गई। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या भी काफी कम हुई है। नोकिया के चीन से बाहर निकलने से करीब 1,600 कर्मचारियों के भविष्य पर असर पड़ सकता है। अब नोकिया पश्चिमी बाजारों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित दूरसंचार तकनीक पर जोर दे रही है। अमेरिकी कंपनी एनवीडिया ने पिछले वर्ष नोकिया में करीब एक अरब डॉलर निवेश कर 2.9 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। 


Comments (0)

Leave a Comment