Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

एएचएफ जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित

नई दिल्ली । हॉकी इंडिया ने चीन में आयोजित होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोकी में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जबकि दो खिलाड़ियों को वैकल्पिक सूची में रखा गया है। टीम की कप्तानी डिफेंडर अनमोल एक्का को सौंपी गई है। भारतीय टीम इस समय बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही है। टूर्नामेंट की तैयारी के तहत टीम ने हाल ही में बेल्जियम का एक्सपोजर दौरा भी पूरा किया, जहां खिलाड़ियों को मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिला। इस दौरे से टीम को अपने खेल का आकलन करने, संयोजन मजबूत करने और प्रतियोगिता से पहले अनुभव हासिल करने में मदद मिली। इसके अलावा भारतीय टीम मलेशिया की अंडर-21 टीम के खिलाफ अभ्यास मुकाबले खेलकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है।

मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में अनुशासन, मेहनत और बेहतर प्रदर्शन की मजबूत इच्छा दिखाई है। उनके अनुसार चयन खिलाड़ियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन, सकारात्मक रवैये और दबाव की स्थिति में टीम की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि जूनियर एशिया कप महाद्वीप की सबसे महत्वपूर्ण जूनियर हॉकी प्रतियोगिताओं में से एक है, जहां एशिया की सर्वश्रेष्ठ युवा टीमें हिस्सा लेंगी। भारत का लक्ष्य अनुशासित और आक्रामक हॉकी खेलते हुए मजबूत प्रदर्शन करना है। कोच ने विश्वास जताया कि यह टीम न केवल शानदार प्रदर्शन करेगी, बल्कि खिलाड़ियों के भविष्य के विकास में भी यह टूर्नामेंट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारतीय टीम में गोलकीपर के रूप में विवेक लाकड़ा और कुणाल तेवतिया को जगह मिली है। रक्षापंक्ति में कप्तान अनमोल एक्का, रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, आशु मौर्य, संजीत टिर्की और सुखविंदर शामिल हैं। मिडफील्ड में अड्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल और मनमीत सिंह राय टीम का हिस्सा हैं, जबकि आक्रमण की जिम्मेदारी अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, आर्यन जेस और लोवेनूर सिंह संभालेंगे। वैकल्पिक खिलाड़ियों के रूप में अर्जुन संतोष हरगुडे और रितिक लाकड़ा को टीम के साथ रखा गया है।


Comments (0)

Leave a Comment