Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

एशियन गेम्स से बाहर होने के बाद अनुष अग्रवाला का छलका दर्द

नई दिल्ली । भारत के ड्रेसाज राइडर और 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स के ऐतिहासिक गोल्ड मेडलिस्ट अनुष अग्रवाला ने 2026 एशियन गेम्स के लिए चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। टीम में जगह नहीं मिलने के बाद 25 वर्षीय अनुष ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए इसे खेल में मिली हार के बजाय विश्वासघात जैसा बताया है। अनुष, जिन्होंने 2022 में टीम गोल्ड और व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल जीता था और 2024 पेरिस ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है, अब आगामी एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। अनुष को जून में इक्वेस्ट्रियन फेडरेशन ऑफ इंडिया (ईएमआई) की एडहॉक कमेटी द्वारा पहली रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया था, लेकिन अंतिम चार सदस्यीय टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। इस पर उन्होंने अपनी नाराजगी सार्वजनिक करते हुए कहा, मैं इसलिए गहराई से आहत हूं क्योंकि मैं प्रतियोगिता में हारा नहीं, बल्कि मुझे प्रतियोगिता करने का मौका ही नहीं दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि यह हार से कम और विश्वासघात जैसा ज्यादा महसूस हो रहा है। उनका मानना है कि वह मैदान पर हार स्वीकार कर सकते हैं, पर बिना मौका मिले बाहर होना कष्टप्रद है।

जर्मनी में लंबे समय तक ट्रेनिंग करने वाले अनुष ने इस चयन के खिलाफ साथी रिजर्व खिलाड़ी सुदीप्ति हजेला के साथ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख भी किया था। हालांकि, अदालत ने उनकी याचिकाओं को खारिज करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया निर्धारित मानदंडों के अनुसार हुई थी और इसमें मनमानी या पक्षपात नहीं मिला। इसके बाद अनुष ने ईएफआई, भारतीय ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय से चयन की समीक्षा करने की मांग की, लेकिन उन्हें कोई ठोस या संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनुष ने भारत में खिलाड़ियों के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चयन व्यवस्था की मांग की है, ताकि खिलाड़ियों के वर्षों के परिश्रम का सम्मान हो और भविष्य में किसी अन्य एथलीट को ऐसी स्थिति से न गुजरना पड़े। एशियन गेम्स से बाहर होने के बावजूद अनुष ने देश का प्रतिनिधित्व करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने बताया कि वह आखिरी क्षण तक लड़ते रहे और अब परिणाम को स्वीकार कर चुके हैं, लेकिन चयन प्रक्रिया को लेकर उनकी आपत्ति कायम है। अनुष ने कहा कि उन्हें ट्रेनिंग से थोड़े ब्रेक की जरूरत है, हालांकि वह जल्द वापसी करेंगे, क्योंकि ओलंपिक उनका अगला बड़ा लक्ष्य है। एशियन गेम्स 2026 इसी सप्ताह के अंत में शुरू होने वाले हैं, और अनुष की अनुपस्थिति भारतीय ड्रेसाज टीम के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।


Comments (0)

Leave a Comment