Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

गीता ने ‘दिल तो पागल है’ के गीत ‘प्यार कर’ से जुड़ी यादें की ताजा

मुंबई । बॉलीवुड फिल्म निर्माता यश चोपड़ा की मशहूर फिल्म ‘दिल तो पागल है’ से जुड़ी पुरानी यादें अब एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में अभिनेत्री करिश्मा कपूर और मशहूर कोरियोग्राफर गीता कपूर ने बताया कि दोनों की पहली मुलाकात इसी फिल्म के सेट पर हुई थी। उस समय गीता अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक कोरियोग्राफर कर रही थीं, जबकि करिश्मा कपूर बॉलीवुड की स्थापित अभिनेत्रियों में शामिल थीं।

 दोनों ने यह किस्सा डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के एक विशेष एपिसोड में साझा किया। इसी दौरान करिश्मा और गीता ने फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के लोकप्रिय गीत ‘प्यार कर’ की शूटिंग से जुड़ी यादें ताजा कीं। गीता कपूर ने बताया कि वर्ष 1996 में फिल्म की शूटिंग के दौरान वह बतौर सहायक कोरियोग्राफर काम कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें करिश्मा कपूर के साथ काम करने और उनसे मिलने का मौका मिला। गीता ने बताया कि उस समय करिश्मा पहले से ही बड़ी और चर्चित अभिनेत्री थीं, लेकिन उन्होंने नई सहायक कोरियोग्राफर के साथ बेहद प्यार और सम्मान से व्यवहार किया। गीता को आज भी करिश्मा से हुई पहली मुलाकात अच्छी तरह याद है। उन्होंने बताया कि उस समय करिश्मा ने हल्के नीले रंग का गाउन पहना हुआ था और वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। गीता के मुताबिक, करिश्मा का सहज और विनम्र व्यवहार उनके लिए खास अनुभव था।

उन्हें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि वह किसी बड़ी स्टार के सामने खड़ी हैं। गीता ने कहा कि करिश्मा के इस व्यवहार ने उनके शुरुआती करियर में आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद की। वहीं करिश्मा कपूर ने भी गीता के साथ अपनी पेशेवर बॉन्डिंग को याद किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने भले ही किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया, लेकिन कई स्टेज शो में साथ प्रस्तुति दी है। करिश्मा ने गीता की कोरियोग्राफी की तारीफ करते हुए कहा कि वह कलाकारों से उनकी पूरी क्षमता के अनुसार काम करवाती हैं। करिश्मा ने एक मजेदार घटना भी सुनाई। 

उन्होंने बताया कि एक स्टेज शो में जब बाकी कलाकारों को अपेक्षाकृत आसान डांस स्टेप दिए गए, तब गीता ने उन्हें काफी मुश्किल स्टेप दे दिया। करिश्मा को हैरानी हुई और उन्होंने गीता से पूछा कि जब दूसरों को आसान स्टेप मिले हैं तो उन्हें इतना कठिन स्टेप क्यों दिया गया। इस पर गीता ने भरोसा दिलाया कि करिश्मा उस चुनौती को आसानी से पूरा कर सकती हैं। करिश्मा ने भी उनकी बात पर विश्वास किया और मुश्किल स्टेप सफलतापूर्वक कर दिखाया। दोनों की यह याद उनके लंबे पेशेवर रिश्ते, आपसी सम्मान और भरोसे को दर्शाती है। बता दें कि साल 1997 में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसका संगीत, कलाकारों का अभिनय और शानदार नृत्य आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। 


Comments (0)

Leave a Comment