Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

गोविंदा रोजी-रोटी कमाने में लगे हैं- सोमी अली

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहा विवाद आजकल चर्चाओं में है। हाल ही में गोविंदा की पूर्व को-एक्ट्रेस सोमी अली अभिनेता के बचाव में उतरी हैं। उनका कहना है कि टैलेंट की कोई उम्र नहीं होती। सोमी अली ने गोविंदा के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर कर बचाव में लिखा है, ‘चिची (गोविंदा) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन टैलेंटेड कलाकारों में से एक हैं। अपने इंडस्ट्री के समय में मैंने उन्हें सबसे विनम्र एक्टर्स में से एक पाया है। मेरे मन में चिची और सुनीता, दोनों के लिए बहुत सम्मान है। हालांकि, किसी एक्टर का किसी कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ काम करना उम्र को लेकर भेदभाव नहीं है।’ आगे सोमी ने कहा, ‘टैलेंट की कोई उम्र नहीं होती। ऐसे समय में जब किसी कलाकार के लिए काम मिलना मुश्किल हो, तब भी काम करते रहने का फैसला सम्मान के लायक है, मजाक उड़ाने के नहीं। किसी एक्टर की काबिलियत उसकी उम्र या उसके को-स्टार की उम्र से तय नहीं होती। उसकी पहचान उसके टैलेंट, प्रोफेशनल रवैये और लगातार काम करते रहने की इच्छा से होती है। जब किसी कलाकार के लिए इंडस्ट्री के दरवाजे खुलना मुश्किल हो रहा हो और उसे दोबारा काम करने का मौका मिले, तो उस मौके का जश्न मनाना चाहिए।’ 

आखिर में सोमी ने कहा, ‘सिर्फ इसलिए कि कोई उम्रदराज है, उसकी उम्र को उसके खिलाफ हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए, खासकर तब जब वह सिर्फ अपनी रोजी-रोटी कमाने और उस काम को जारी रखने की कोशिश कर रहा हो जिसे वह प्यार करता है। शायद किसी एक्टर की सबसे सराहनीय बात यही होती है कि जब इंडस्ट्री या दूसरे लोग उसे यह कहने लगें कि अब वह बहुत बूढ़ा हो गया है, तब भी वह हार मानने से इनकार करे।’ हाल ही में गोविंदा ने सुनीता पर कहा- ‘जो काम बाहर मिलता है, वो मैं करता नहीं हूं और जो मैं कर रहा हूं, उसमें आप (सुनीता) हस्तक्षेप कर रही हैं। जिस वक्त मैंने फिल्म शुरू की है, आप एक भी कसर नहीं छोड़ रही हैं कि मैं लोगों के दिल से उतर जाऊं बदनाम हो जाऊं, या कुछ ऐसा हो जाए कि मेरा बिजनेस न हो।’ 

गोविंदा ने इस दौरान को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर का बचाव करते हुए कहा, ‘कोई गरीब परिवार के लोग अगर फिल्म में आए हैं, तो उन्हें इस तरह बदनाम या लज्जित न कीजिए कि वो भाग जाएं। आप में क्षमता है, ताकत है, इज्जत, दौलत, शोहरत, सब दिया है ऊपर वाले ने। इसका मतलब ये नहीं कि जिसके पास ये नहीं है आप उसे जलील करें। ये आप पर शोभा नहीं देता।’ सुनीता बार-बार बयान दे रही हैं कि गोविंदा इस उम्र में बेटी की उम्र की लड़की घुमा रहे हैं और शुगर डैडी बने हैं। इस पर गोविंदा ने कहा है, ‘ये जो उम्र का आपने सिलसिला चलाया है, तो आपको बता दूं कि देश के हर बड़े सुपरस्टार ने कम उम्र की नई लड़कियों के साथ काम किया है, उन्हें बड़ी फिल्में मिलीं। युवाओं के साथ काम करने पर वो युवा नजर आए। आप चाह नहीं रहीं कि मैं युवा कैसे लग सकता हूं। आप छोटी सी अपेक्षा के चलते एक बड़े बिजनेस में घात करने पर लगी हैं। आपके पीछे जो गैंग है, उससे हर कोई वाकिफ है। वो जल्द ही सामने आएगा, लेकिन आपके लिए ये शोभा नहीं देगा। 

मुझे लगता है कि आगे भी आपको कहीं न कहीं जरूरत पड़ेगी। कृपया ऐसे बयान देकर, जो आप ये पॉडकास्ट चला रही हैं, थोड़ा हद में रहिए, ऐसी आपसे प्रार्थना है।’ गोविंदा ये बयान देकर निकल ही रहे थे कि कुछ सेकेंड बाद वो पलटकर आए और कहा, ‘मैं ये भी कहना चाहूंगा कि सुनीता जी आप बहुत मां-बहन की गालियां देने लगी हैं। ईश्वर को मनाइए कि अगर लोग आपसे प्रेरित हो गए तो आप कहां आइना देखेंगी। कहीं आपके साथ ही लोग मां-बहन की गालियां देना शुरू कर देंगे, तो हम सब बहुत लज्जित हो जाएंगे। ये ठीक नहीं है। बहुत सस्ता कर दिया है मां-बहन का नाम। आपसे उम्मीद नहीं है।’ 


Comments (0)

Leave a Comment