Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

‘हनुमान अंश’ की शूटिंग होती थी हनुमान चालीसा से शुरू

मुंबई । नीम करोली बाबा की कहानी पर आधारित ‘हनुमान अंश’ फिल्म के सेट पर आध्यात्मिक माहौल और अनुशासन बनाए रखने के लिए कई सख्त नियम लागू किए गए थे। शूटिंग के दौरान गाली-गलौज, ऊंची आवाज में बहस और लड़ाई-झगड़े पर पूरी तरह रोक थी। इसके अलावा सेट पर नॉन-वेज खाना और शराब भी प्रतिबंधित थी। लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प किस्से सुनाए। निर्देशक ने बताया कि फिल्म की विषयवस्तु के अनुरूप सेट के माहौल को शांत और सकारात्मक रखने की कोशिश की गई। शूटिंग के हर दिन की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से होती थी। जब भी परिस्थितियां अनुमति देती थीं, दिन का समापन भी हनुमान चालीसा के साथ किया जाता था। चतुर्वेदी का मानना है कि इस परंपरा ने टीम को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने के साथ शूटिंग के दौरान आने वाली कई परेशानियों से निपटने में भी मदद की। 


उन्होंने बताया कि कई बार सुबह सात बजे की शिफ्ट होने के बावजूद अलग-अलग कारणों से कैमरा काफी देर बाद रोल हो पाता था। ऐसे मौकों पर पूरी टीम एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ करती थी। चतुर्वेदी के अनुसार, इसके बाद कई बार वे समस्याएं दूर हो जाती थीं, जिनके कारण शूटिंग में देरी हो रही थी। निर्देशक के लिए यह परंपरा नीम करोली बाबा यानी महाराज जी की शिक्षाओं से भी जुड़ी हुई थी। चतुर्वेदी ने कहा कि महाराज जी ने कभी अपने आसपास होने वाली अच्छी घटनाओं का श्रेय स्वयं नहीं लिया। वह हमेशा लोगों को भगवान हनुमान और भगवान राम की ओर प्रेरित करते थे। उनकी शिक्षाओं में भक्ति, सेवा, जरूरतमंदों को भोजन कराना और राम नाम के प्रचार को विशेष महत्व दिया गया। इसी विचार को फिल्म के प्रचार अभियान में भी शामिल किया गया।

 निर्देशक के मुताबिक, टीम ने फिल्म का प्रचार केवल विज्ञापनों और दर्शकों से फिल्म देखने की अपील तक सीमित नहीं रखा। इसके बजाय आठ बड़े मंगल भंडारों का आयोजन कर लोगों को भोजन वितरित किया गया। टीम का उद्देश्य ‘सेवा’ के संदेश को केवल प्रचार सामग्री में दिखाना नहीं, बल्कि उसे वास्तविक जीवन में उतारना था। चतुर्वेदी का मानना है कि इस पहल से दर्शक फिल्म के मूल संदेश से स्वाभाविक रूप से जुड़ सके। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया के चलते इसकी कमाई लगातार बढ़ती गई।

Comments (0)

Leave a Comment