Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

होटल में सो रहे यात्रियों की जलकर मौत

बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के चार मंजिला होटल में भीषण आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या पांच बताई गई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि आग होटल के भूतल स्थित रिसेप्शन से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। रिसेप्शन में फाइबर का इंटीरियर होने के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। आग और धुएं के कारण होटल के अंदर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पूरे होटल में काला धुआं भर गया, जिसके बाद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। घना धुआं होने के कारण शुरुआती दौर में राहत एवं बचाव दल को अंदर जाने में मुश्किल हुई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला। होटल तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास स्थित बताया जा रहा है। श्रावण महीने में तारापीठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में होटल में भी काफी लोगों के ठहरने की जानकारी है।

होटल मालिक ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग के वास्तविक कारण और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान का काम भी जारी है।

Comments (0)

Leave a Comment