Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

इंडिगो लाई लाइट किराया- कम सामान, कम दाम

नई दिल्ली । भारत की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने उन यात्रियों के लिए नया और किफायती किराया इंडिगो लाइट पेश किया है, जो सिर्फ केबिन बैग (7 किलोग्राम तक) के साथ सफर करना चाहते हैं। इस पहल का उद्देश्य हवाई यात्रा को अधिक सुलभ और सस्ता बनाना है। इस नए किराए की बुकिंग 1 जुलाई से कंपनी की वेबसाइट और मोबाइल एप पर शुरू हो चुकी है, जबकि यात्रा 15 जुलाई से प्रभावी होगी। इंडिगो लाइट एक एंट्री-लेवल इकोनॉमी क्लास विकल्प है, इसके तहत यात्रियों को सामान्य टिकटों की तुलना में कम बेस प्राइस का भुगतान करना होगा। उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सिस्टम द्वारा दी गई ऑटो-असाइंड सीट और 7 किलोग्राम तक का केबिन बैग ले जाने की अनुमति मिलेगी।

यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह की उड़ानों पर लागू होगी। आजकल एयरलाइंस उन सेवाओं का ही शुल्क लेना पसंद कर रही हैं, जिनका यात्री वास्तव में उपयोग करते हैं। इंडिगो के चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने बताया कि यह उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो हल्का सामान लेकर यात्रा करते हैं और सिर्फ उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं जिनकी उन्हें आवश्यकता है। यह बाजार के अनुरूप ढलने और यात्रा को ज्यादा सुलभ व किफायती बनाने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते अन्य एयरलाइंस भी इसतरह का विकल्प दे रही हैं। पिछले महीने एयर इंडिया ने भी उन यात्रियों के लिए बेसिक इकोनॉमी किराया शुरू किया था जिन्हें मुफ्त खाने की आवश्यकता नहीं है। इसी तरह, एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीधे चौनलों पर भी केबिन-बैग ओनली सिस्टम पहले से उपलब्ध है। यात्रियों के लिए खुशखबरी यह भी है कि सरकार ने जेट फ्यूल (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की कीमतों में 5 प्रति लीटर की कटौती की है, जिससे यह अब 110 प्रति लीटर पर आ गया है। फ्यूल सस्ता होने से एयरलाइंस को टिकट की कीमतें नियंत्रित रखने में भी मदद मिलेगी, जिससे अंततः यात्रियों को और भी किफायती यात्रा का लाभ मिल सकता है।

Comments (0)

Leave a Comment