Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद भड़के छात्रों ने किया प्रदर्शन

पटना। पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई तोड़फोड़, मारपीट और कथित फायरिंग की घटना के बाद छात्रों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राएं खान सर के घर के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि खान सर ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठे नजर आए। सभी घटना को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे थे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस बीच खान सर अपने घर की बालकनी में आए और छात्रों से कई बार हाथ जोड़कर प्रदर्शन समाप्त करने तथा घर लौट जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस पूरी रात कोचिंग सेंटर के बाहर मौजूद रही और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि खान सर की अपील के बावजूद छात्र-छात्राएं मौके से हटने को तैयार नहीं थे। प्रदर्शन कर रही एक छात्रा ने कहा कि जब उनके शिक्षक की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं तो वे चुप नहीं बैठ सकते। छात्रों का कहना था कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी चाहिए और यह जानना जरूरी है कि कोचिंग सेंटर पर हमला कैसे हुआ। कई छात्राओं ने कहा कि वे खान सर के समर्थन में खड़ी हैं और जब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलेगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही। कुछ स्थानों पर भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किए जाने की भी सूचना है, लेकिन छात्र अपने रुख पर कायम रहे। गौरतलब है कि मंगलवार देर रात कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई थी। जानकारी के अनुसार कुछ युवक सेंटर के बाहर पहुंचे और पोस्टर फाड़ने के साथ-साथ परिसर में नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर खान सर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

Leave a Comment