Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

कश्मीरा शाह अपनी दूसरी फिल्म की शूटिंग यूनान में कर रहीं

 अभिनेत्री और फिल्ममेकर कश्मीरा शाह ने अपने दूसरे निर्देशन प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। इस फिल्म की शूटिंग ग्रीस में की जा रही है। सोशल मीडिया पर शूटिंग से जुड़ी कुछ झलकियां साझा करते हुए कश्मीरा ने अपने नए सफर को लेकर खुशी जाहिर की। 

उन्होंने कहा कि ग्रीस में फिल्म की शूटिंग करना केवल लोकेशन का चुनाव नहीं है, बल्कि यह जगह उनकी कहानी का एक महत्वपूर्ण किरदार भी है। कश्मीरा ने इंस्टाग्राम पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि स्वतंत्र फिल्ममेकर के रूप में दूसरी फिल्म का निर्देशन शुरू करना उनके लिए बेहद रोमांचक है। उन्होंने कहा कि अपने सपने को साकार होते देखना गर्व की बात है। अभिनेत्री ने अपने संदेश में लोगों को सपनों पर विश्वास करने और उन्हें पूरा करने के लिए अपने सहज दायरे से बाहर निकलने की प्रेरणा भी दी। उनके मुताबिक, जब इंसान अपने लक्ष्य पर भरोसा रखता है और उन्हें पूरा करने के लिए साहस दिखाता है, तो आगे बढ़ने के नए रास्ते खुलते हैं। कश्मीरा ने अपनी पोस्ट में फिल्म की शूटिंग से जुड़े अनुभवों के लिए पूरी टीम का आभार जताया।

उन्होंने ग्रीस को फिल्म की कहानी का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि वह अपनी शर्तों पर कहानियां कहने के अवसर को खास मानती हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक फिल्म की कहानी, कलाकारों और रिलीज से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। कश्मीरा शाह निजी जिंदगी और पेशेवर कामों को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। उन्होंने अपने लंबे समय के साथी और अभिनेता-कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक से वर्ष 2013 में शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात श्याम सोनी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘और पप्पू पास हो गया’ के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों का रिश्ता आगे बढ़ा और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। 

हाल ही में कश्मीरा और कृष्णा मनोरंजन आधारित कुकिंग शो ‘लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ के तीसरे सीजन में नजर आए हैं। इस कार्यक्रम में अली गोनी, जन्नत जुबैर, एल्विश यादव, ईशा मालवीय, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, अभिषेक कुमार, समर्थ जुरेल, गुरमीत चौधरी, देबिना बनर्जी, विवियन डीसेना और ईशा सिंह जैसे कलाकार भी शामिल हैं। शो की मेजबानी भारती सिंह करती हैं, जबकि शेफ हरपाल सिंह सोखी निर्णायक की भूमिका निभाते हैं। कश्मीरा हिंदी और मराठी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। वह ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन, ‘नच बलिए 3’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 4’ जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा ले चुकी हैं। राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘जंगल’ से उन्हें खास पहचान मिली थी। अब निर्देशन के क्षेत्र में अपने दूसरे प्रोजेक्ट के साथ वह अपनी रचनात्मक पहचान को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।

Comments (0)

Leave a Comment