Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

कटिहार से 1500 किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश पहुंचीं पांच बच्चियां, 24 घंटे में सकुशल बरामद

 विजयवाड़ा स्टेशन से पहले आरपीएफ ने किया बरामद

 आंध्र प्रदेश पहुंचने की वजह तलाश रही पुलिस

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में दुर्गा पूजा का मेला देखने निकलीं पांच नाबालिग बच्चियों के अचानक लापता होने से परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। घर से कुछ दूरी पर स्थित मरंगी दुर्गा पूजा मेला जाने की बात कहकर निकलीं पांचों बच्चियां करीब 1500 किलोमीटर से अधिक दूर आंध्र प्रदेश पहुंच गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से सभी बच्चियों को करीब 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। यह मामला कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, नवमी की रात पांचों बच्चियां घर से मरंगी दुर्गा पूजा मेला घूमने के लिए निकली थीं। सभी आपस में सहेलियां हैं और एक ही स्कूल में कक्षा छह की छात्राएं बताई जा रही हैं। देर रात तक जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पांच बच्चियों के एक साथ लापता होने की खबर फैलते ही गांव में भी चिंता का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

 पुलिस और आरपीएफ ने शुरू की तलाश

काफी खोजबीन के बाद भी बच्चियों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पांच नाबालिग लड़कियों के एक साथ लापता होने की जानकारी मिलते ही मनसाही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने संभावित रास्तों और ठिकानों पर जानकारी जुटानी शुरू की। मामले में रेलवे से जुड़ी आशंका को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी सूचना दी गई। पुलिस और आरपीएफ के बीच समन्वय के बाद तलाश का दायरा बिहार से बाहर तक बढ़ाया गया। जांच के दौरान बच्चियों के आंध्र प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिली।

विजयवाड़ा स्टेशन से पहले मिलीं पांचों बच्चियां

तलाश के दौरान आरपीएफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन से पहले पांचों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चियों के मिलने की सूचना परिवार तक पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। बीते करीब 24 घंटे से चिंता में डूबे परिवार के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं थी।

 आखिर आंध्र प्रदेश कैसे पहुंचीं बच्चियां?

पांचों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे कटिहार के मनसाही से आंध्र प्रदेश तक कैसे पहुंचीं। क्या वे ट्रेन से गई थीं, क्या रास्ते में किसी ने उनकी मदद की या फिर इस घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस बच्चियों से पूछताछ कर उनके घर से निकलने से लेकर आंध्र प्रदेश पहुंचने तक की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पांचों बच्चियां इतनी दूर कैसे पहुंचीं और इस दौरान उनके साथ क्या हुआ।


Comments (0)

Leave a Comment