Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

महाराष्ट्र में बारिश का कहर

स्कूल बंद, लोगों से घरों में रहने की अपील

मुंबई। महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पुणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक कार्य के अलावा घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। रेड अलर्ट को देखते हुए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है।

पुणे में बारिश का प्रचंड रूप

पुणे में पिछले तीन-चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने शुक्रवार को अचानक विकराल रूप ले लिया। सुबह से शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक लगातार जारी रही। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक पुणे में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। वहीं जिले के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

कल्याण-डोंबिवली में जलभराव

मध्यरात्रि से शुरू हुई तेज बारिश के कारण कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में कई सड़कें पानी में डूब गईं। आंबेडकर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी पशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों और सड़क किनारे पानी भर जाने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

 मुंबई और ठाणे में भी हालात गंभीर

मुंबई के कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। वहीं ठाणे जिले के लिए भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए मूसलाधार से अति मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क मोड पर हैं।

कोंकण क्षेत्र में भी अलर्ट

कोंकण क्षेत्र में भी भारी बारिश का दौर जारी है। प्रशासन ने 6 जुलाई तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

 कम दबाव का क्षेत्र बना वजह

मौसम विभाग के अनुसार गुजरात से दक्षिण-पूर्वी अरब सागर तक कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है।

 प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना अत्यंत आवश्यक कारण के घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।


Comments (0)

Leave a Comment