Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

मीडिया की गंभीर चूक पर अंतरा का फूटा गुस्सा

मुंबई । हाल ही में कई मीडिया आउटलेट्स ने एक एफआईआर की रिपोर्टिंग के दौरान गलती से  अभिनेत्री अंतरा बनर्जी की तस्वीर का इस्तेमाल कर लिया। इस गंभीर चूक पर अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है और मीडिया संस्थानों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिस मॉडल पर एफआईआर हुई है वह असली व्यक्ति ठाणे की मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी थीं। इस बारे में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने कहा, मैं तब से सदमे में हूं। मुझे कोई आइडिया नहीं था कि यह क्यों हुआ।

मेरे परिवार और दोस्तों से मुझे बहुत सारे फोन, बहुत सारे मैसेज आए और वे सब पूछ रहे थे कि क्या तुम ठीक हो? क्या तुम ठीक हो? मुझे कोई आइडिया नहीं था। जब मैंने एक मैसेज खोला, तो उसमें मेरी एक फोटो थी, जिसमें ये सारी बातें लिखी थीं और फिर मुझे पता चला कि यह सब इंटरनेट पर है। उन्होंने आगे कहा कि जाहिर है, मैं उस समय क्या कर सकती थी? मैं सदमे में थी, और अभी भी वही चल रहा है। यह एक बहुत ही दिमागी तौर पर परेशान करने वाली घटना है, जो बदकिस्मती से हुई है। इस गलत खबर का उनके परिवार पर भी गहरा असर पड़ा। अभिनेत्री ने बताया, मुझे लगता है कि सिर्फ इसलिए नहीं कि मेरी मम्मी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, बल्कि कोई भी पेरेंट्स अपने बच्चे को लेकर अगर ऐसी कोई भी चीज सुनेंगे, खासकर जब बच्चे बाहर रहते हैं, तो यह चिंता की बात है। मेरी मां को घबराहट हो गई और वह ऐसी थी, यह क्या हो रहा है? मतलब कहां से आ रहा है, यह क्या न्यूज है? उन्हें कोई आइडिया नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पापा कोलकाता में रहते हैं और ऐसी खबर सुनकर उन्होंने भी मुंबई आने की इच्छा जताई। मेरे पापा कोलकाता में रहते हैं। उन्होंने कहा कि चलो बस आते हैं, साथ बैठकर देखते हैं कि क्या हो रहा है। तभी मैंने और मेरी टीम ने तय किया कि अभी उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं है। हम लोग देखते हैं कि क्या कर सकते हैं, हम अगला कदम क्या उठा सकते हैं। 

बनर्जी ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग है कि गलत जानकारी को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने कहा, मैं बस ये पता लगाने के लिए आई हूं कि ये जो भी चीजें हुई हैं, वो गलत हैं और ये तुरंत हटा ली जाए, ताकि किसी की छवि खराब न हो। ये बात बिल्कुल भी पब्लिसिटी की नहीं है। तो उस तरीके से आप लोग प्लीज इस चीज को मत देखिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले में उनका अगला कदम कानूनी होगा, क्योंकि उसके अलावा, हमारे पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं बचा है। अंतरा बनर्जी ने सभी मीडिया संस्थानों से एक गंभीर अपील भी की। उन्होंने कहा, मैं सबसे अपील करना चाहती हूं, सभी मीडिया वालों से, कोई भी न्यूज लगाने से पहले, किसी का भी फोटो लगाने से पहले, इस्तेमाल करने से पहले, आप वेरिफाई कीजिए, री-वेरिफाई कीजिए। उन्होंने ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत को अत्यंत गलत ठहराया। 


Comments (0)

Leave a Comment