Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार

नई दिल्ली। अब वो वक्त जल्द आने वाला है जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। मतलब भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से मॉनसून राहत दिलाने वाला है। वजह ये है कि राहत की बूंदें गिराने के लिए मॉनसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। और देश 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मॉनसून ने महाराष्ट्र (मुंबई सहित), तेलंगाना और ओडिशा के शेष हिस्सों को पूरी तरह से कवर कर लिया है। इसके साथ ही, मॉनसून के बादल छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई नए इलाकों में भी पहुंच चुके हैं। मौसम विभाग का स्पष्ट पूर्वानुमान है कि अगले 2-3 दिनों में मॉनसून गुजरात, महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों और मध्य प्रदेश में दस्तक दे देगा। वहीं, इसके ठीक 3-4 दिन बाद उत्तर प्रदेश और बिहार के बाकी हिस्सों में झमाझम बारिश शुरू होने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हो गई हैं। हालांकि, मौसम का मिजाज अभी डबल फेस दिखा रहा है एक तरफ जहां पश्चिमी तट, पूर्वाेत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में इस पूरे हफ्ते भारी से बहुत भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4-5 दिन और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश व विदर्भ में अगले 2-3 दिन लू का सितम अभी भी झेलना पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर

आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश या आंधी की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं पश्चिमी यूपी में आज छिटपुट बारिश के आसार हैं। ताजा खबरों के मुताबिक गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी और प्रयागराज जैसे जिलों में तेज हवाओं (80-90 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है।

मप्र और छग,बंगाल,ओडिशा,सिक्किम

पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने का अलर्ट है। हालांकि, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश में आज लू का प्रकोप बना रहेगा। छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बिजली चमकने और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ओडिशा के कई हिस्सों में आज व्यापक बारिश होने की संभावना है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत

बिहार में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (जो 60 किमी/घंटा तक जा सकती है) से आंधी आने और बिजली कड़कने की संभावना है। गया, भोजपुर, सीवान और सारण जैसे जिलों में तूफान का विशेष अलर्ट है। इसके अलावा, राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की भी चेतावनी दी गई है। राज्य के अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। रांची, धनबाद और बोकारो में 70-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 24-25 जून के दौरान यहाँ रात का मौसम काफी गर्म रहने का अनुमान है।


महाराष्ट्र और पश्चिमी तट

महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश की संभावना है। यहां कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ताजा अपडेट्स के अनुसार, मुंबई के लिए विशेष तौर पर अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।


पंजाब, हरियाणा, राजस्थान

हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की संभावना है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (गस्टिंग 50 किमी/घंटा तक) से धूल भरी आंधी और हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना है।


पूर्वाेत्तर और दक्षिण भारत

पूर्वाेत्तर में असम और मेघालय में आज अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट है।

Comments (0)

Leave a Comment