Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

मोजतबा खामेनेई की इमरजेंसी बैठक का दावा

तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की गंभीर हालत और उनकी मौत को लेकर चल रही अटकलों के बीच तेहरान से एक अहम खबर सामने आई है। ईरानी मीडिया और उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ इमरजेंसी बैठक की है। इस दावे को उनकी मौत की खबरों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले इजरायली मीडिया में मोजतबा की मौत या हालत बेहद नाजुक होने की खबरें सामने आई थीं।

बताया गया है कि बैठक में अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों के बीच ईरान की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। ईरानी सेना की तैयारियों, सुरक्षा हालात और संभावित सैन्य रणनीति की समीक्षा के साथ युद्ध के कारण बिगड़ रही आर्थिक स्थिति पर भी विचार किया गया। बैठक में आम लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने पर भी जोर दिए जाने की बात कही गई है। खास तौर पर खाद्य सामग्री की आपूर्ति, जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता और लोगों की दैनिक आजीविका को सुरक्षित रखने के उपायों पर चर्चा हुई। मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने के कारण लंबे समय से उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलें लगती रही हैं। बताया गया है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने यह जिम्मेदारी संभाली थी। हालांकि, इसके बाद से उन्होंने सार्वजनिक मंच पर दिखाई देने से परहेज किया है। मोजतबा ने कई मौकों पर लिखित बयान जारी किए, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया। यहां तक कि अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठते रहे।

चोट और मौत को लेकर कई दावे

मोजतबा की गैरमौजूदगी के बीच उनके घायल होने को लेकर भी कई तरह के दावे सामने आते रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में उनके चेहरे के गंभीर रूप से झुलसने और सर्जरी की बात कही गई, जबकि कुछ में पैर गंवाने और कृत्रिम पैर लगाए जाने का दावा किया गया।पिछले सप्ताह उनकी मौत या बेहद गंभीर हालत की खबरों ने इन अटकलों को और हवा दी। इसके बाद ईरान की ओर से उनकी तस्वीर और अब राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ बैठक की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मोजतबा की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर स्वतंत्र पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है।

Comments (0)

Leave a Comment