Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

NCWEB केंद्र में नवागंतुकों का अभिविन्यास कार्यक्रम

नई दिल्ली: श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) के एनसीवेब (NCWEB) केंद्र के नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए 22 अगस्त 2026 को महाविद्यालय के सभागार में अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का औपचारिक रूप से स्वागत करना तथा उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना था।


कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के हिमालयी अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो. बी. डब्ल्यू. पांडेय तथा इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफलॉन्ग लर्निंग (ILLL) के निदेशक, पूर्व डीन, सामाजिक विज्ञान संकाय एवं समाज कार्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. संजय रॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कवल गिल, एनसीवेब सलाहकार मंडल की सम्मानित सदस्य प्रो. रेखा शर्मा, एनसीवेब के शिक्षकगण, प्रशासनिक कर्मचारियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों की उपस्थिति से और बढ़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ टीम विस्माद (VISMAAD) द्वारा प्रस्तुत शांतिमय शबद-गायन से हुआ। इसके पश्चात प्राचार्या प्रो. कवल गिल द्वारा विशिष्ट अतिथियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।


महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कवल गिल ने स्वागत उद्बोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के दृष्टिकोण, शैक्षणिक मूल्यों, कार्य-संस्कृति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव, विचार एवं प्रेरणादायी संदेश साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन में उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाने तथा निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एनसीवेब सलाहकार मंडल की सम्मानित सदस्य प्रो. रेखा शर्मा ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। इसके बाद एक विस्तृत अभिविन्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभिन्न सुविधाओं, प्रक्रियाओं एवं उपलब्ध सहायता-व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का समापन एनसीवेब की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह अभिविन्यास कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय के शैक्षणिक जीवन में उनके नए सफर की सार्थक एवं उत्साहपूर्ण शुरुआत सिद्ध हुआ।

Comments (0)

Leave a Comment