Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नेपाल के सुनसरी जिले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू

कई घायल; प्रधानमंत्री ने निष्पक्ष जांच

काठमांडू भारत की सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहले से लागू कर्फ्यू की अवधि को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है तथा इसके दायरे का भी विस्तार कर दिया है। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार को सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस और उत्सव के दौरान विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते सोमवार से कर्फ्यू लागू किया गया था, मंगलवार देर रात इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हिंसा में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। प्रधानमंत्री ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। 

कर्फ्यू का दायरा बढ़ाया 

स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार रात नई अधिसूचना जारी कर कर्फ्यू का दायरा बढ़ा दिया। अब यह आदेश इटहरी उप-महानगरपालिका के वार्ड 16 और 17, रामधुनी नगरपालिका के वार्ड 1 और 5 के अलावा इनारुवा, दुहाबी, भोक्राहा नरसिंह, कोसी, गढ़ी, देवानगंज, हरिहर और बरजू गांवपालिकाओं में भी प्रभावी रहेगा। इन क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। सुनसरी जिला दक्षिण-पूर्वी नेपाल में भारत के बिहार से सटा हुआ एक महत्वपूर्ण सीमा क्षेत्र है। यह भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं आवागमन का प्रमुख गलियारा माना जाता है। प्रशासन ने स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Comments (0)

Leave a Comment