Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नीदरलैंड के कोच कोमैन का इस्तीफा

टेक्सास। फीफा विश्व कप फुटबॉल में हार के बाद डच टीम नीदरलैंड्स के कोच रोनाल्ड कोमैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नीदरलैंड्स को इस मुकाबले में अपने से कमजोर टीम मोरक्को के हाथों अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। इस हार से निराश कोमैन के इस्तीफे के साथ ही टीम के साथ उनका दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया। सोशल मीडिया पर टीम की हार के बाद कोमैन ने निराशा जतायी। उन्होंने कहा, मैंने डच राष्ट्रीय टीम के कोच के तौर पर अपना कार्यकाल समाप्त करने का फैसला किया है।

हम सभी ने एक ऐसे विश्व कप का सपना देखा था जिसमें हम इतिहास रचेंगे पर हम सफल नहीं हो पाए। इस बात से मुझसे ज्यादा निराशा किसी और को नहीं हो सकती। कोच के तौर पर, यह जिम्मेदारी आपकी होती है कि टीम जीते। मैंने हमेशा इसे महसूस किया है, और हमेशा करता रहूंगा। उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों को भी जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा , पिछले कुछ सालों में मुझे एक बार फिर एहसास हुआ कि फुटबॉल से ज्यादा जरूरी चीजें भी हैं। फुटबॉल मेरी जिंदगी रही है पर सेहत सबसे जरुरी है। उन्होंने साथ ही यह भी जोड़ा कि अब वह अपनी पत्नी, बच्चों और पोते-पोतियों के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं, जिसे उन्होंने सही और सबसे स्वाभाविक फैसला बताया। गौरतलब है कि कोमैन का ऑरेंज के साथ यह दूसरा कार्यकाल था। उन्होंने पहली बार 2018 की शुरुआत में टीम के कोच की जिम्मेदारी संभाली थी, जो 2020 के मध्य तक चला। 

रॉयल डच फुटबॉल एसोसिएशन ने भी कहा है कि कोमैन ने फेडरेशन को अपने अनुबंध को आगे न बढ़ाने को कह दिया है। कोमैन ने अपने अलविदा संदेश में कहा, मैंने इतने लंबे समय तक इस कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के ग्रुप के साथ बहुत करीब से और पूरी लगन से काम किया है, इसलिए यह फैसला लेना आसान नहीं था। उन्होंने हेड कोच के तौर पर अपने दोनों कार्यकाल के दौरान टीम से जुड़े सभी लोगों की प्रशंसा की। 

Comments (0)

Leave a Comment