Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ने लगता है घर में लगे जालों से

नई दिल्ली । घर में मकड़ी के जाले होना आमतौर पर लोग इन्हें सिर्फ गंदगी मानते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र इन जालों को गहरे नकारात्मक संकेत के रूप में देखता है। यही वजह है कि बड़े-बुजुर्ग हमेशा घर के हर कोने को स्वच्छ और जालों से मुक्त रखने की सलाह देते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जहां ये जाले पनपते हैं, वहां नकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ने लगता है, जो धीरे-धीरे घर की सुख-शांति और समृद्धि पर ग्रहण लगा देता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में मकड़ी के जाले लगना अशुभ माना जाता है। यह नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है और इसका सीधा असर घर की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है, जिससे धीरे-धीरे परेशानियां शुरू हो सकती हैं। अगर पूजा घर में जाले लग जाएं, तो इसे बेहद अशुभ माना जाता है। यह न केवल पूजा-पाठ में बाधाएं उत्पन्न करता है, बल्कि घर में आध्यात्मिक अशांति और सुख-शांति के भंग होने का कारण भी बनता है।

 इसी तरह, रसोई घर में चूल्हे के ऊपर या आसपास जाले लगना भी अच्छा नहीं माना जाता। ऐसा होने पर घर में अन्न और धन की कमी होने लगती है, जो परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य और पोषण को प्रभावित कर सकता है। विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि अगर मकड़ी घर की दक्षिण-पश्चिम दिशा यानी नैऋत्य कोण में जाला बना ले, जहां आमतौर पर घर का मुखिया निवास करता है, तो इससे आर्थिक संकट और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियां बढ़ सकती हैं। यह दिशा स्थिरता और शक्ति की मानी जाती है, और यहां जाले लगने से मुखिया के निर्णय लेने की क्षमता और घर की आर्थिक स्थिरता प्रभावित होती है। बाथरूम में मकड़ी के जाले लगना पेट से जुड़ी बीमारियों और पाचन संबंधी समस्याओं का संकेत माना जाता है। 

वहीं, अगर घर में रखे पूर्वजों की तस्वीरों पर जाले लग जाएं, तो इसे पूर्वजों की नाराजगी और पितृ दोष से जोड़कर देखा जाता है, जो घर के सदस्यों के जीवन में बाधाएं उत्पन्न करता है। वास्तु शास्त्र कहता है कि जहां मकड़ी के जाले होते हैं, वहां मां लक्ष्मी का वास नहीं होता, जिससे धन और ऐश्वर्य की कमी बनी रहती है। इन नकारात्मक प्रभावों से बचने के लिए वास्तु शास्त्र कुछ सरल और प्रभावी उपाय सुझाता है। सबसे पहले, घर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। घर के हर कोने, खासकर अलमारियों के पीछे, छत के कोनों और फर्नीचर के नीचे, जहां जाले अक्सर लगते हैं, उन्हें नियमित रूप से साफ रखना चाहिए। पोछा लगाते समय पानी में थोड़ा नमक मिलाना नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में सहायक माना जाता है।  

Comments (0)

Leave a Comment