Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

नकली नोट मामला 2 और आरोपी दबोचे गए

सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक के सिविल लाइंस स्थित करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को दबोचा जा चुका है। एनआईए की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है। एनआईए ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हसनपुर, थाना सदर निवासी मुकेश कुमार और सरसावा के कल्याणपुर निवासी राजेंद्र कुमार शामिल हैं। इन दोनों को इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए संविदा चालक आदेश चौधरी का करीबी सहयोगी और पूरी साजिश का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। जांच अभी जारी है और साजिश में शामिल अन्य आरोपियों व संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

यह मामला 29 अगस्त को सामने आया था, जब सहारनपुर के सदर बाजार थाने को पीएनबी करेंसी चेस्ट से भारी मात्रा में नकली भारतीय नोट बरामद होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया और सदर बाजार थाने में 29 अगस्त को एफआईआर दर्ज की गई थी।

तीन सितंबर को एनआईए ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली। एजेंसी ने 7 सितंबर को नामजद आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद 15 सितंबर को करेंसी चेस्ट से जुड़े संविदा चालक आदेश चौधरी की गिरफ्तारी हुई थी। आदेश चौधरी पर करेंसी चेस्ट से जुड़े वाहन चालक के तौर पर काम करने का आरोप है। एनआईए अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और इन नोटों को आगे प्रसारित करने की क्या योजना थी। एजेंसी ने कहा है कि जांच जारी है और पूरी साजिश का पर्दाफाश करने तथा शेष सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments (0)

Leave a Comment