Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नोएडा की बिल्डिंग और रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। पहली घटना सेक्टर-74 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी की है, जबकि दूसरी घटना सेक्टर-52 के एक रेस्टोरेंट की है। राहत की बात यह रही कि दोनों ही हादसों में समय रहते कदम उठाने से कोई हताहत नहीं हुआ। सुबह करीब 8 बजे सेक्टर-74 की एक 28 मंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची लपटें व काले धुएं का गुबार निकलने लगा। इससे पूरी सोसाइटी में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए लोग सीढ़ियों के रास्ते नीचे भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से पूरी इमारत और आसपास के फ्लैटों को तुरंत खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इसके कुछ ही देर बाद सेक्टर-52 के शताब्दी विहार स्थित एक इमारत में भी आग लग गई। इस बिल्डिंग के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट संचालित था और ऊपर पीजी (पेइंग गेस्ट) चल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत एक्शन में आईं और बिल्डिंग में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जांच में इस आग की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों ही जगहों पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पा लिया। राहत एवं बचाव कार्य के समय पर पूरे होने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। विभाग अब नुकसान के आकलन और आग के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा है।

Comments (0)

Leave a Comment