Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पाकिस्तान में सेना के कैंप पर आत्मघाती हमला

इस्लामाबाद,। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित बाजौर में सेना के एक कैंप पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में कम से कम 15 पाकिस्तानी सैनिकों की जान चली गई है। आतंकियों ने इस हमले को एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया। घटनाक्रम के मुताबिक, हमलावरों ने सबसे पहले सेना परिसर के एक हिस्से में जोरदार धमाका किया। इस विस्फोट से मची अफरा-तफरी का लाभ उठाकर भारी हथियारों से लैस आतंकवादी कैंप के भीतर घुस गए। इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच काफी देर तक भीषण मुठभेड़ जारी रही। आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि यह हमला उनकी स्पेशल इस्तशहादी फोर्सेज द्वारा किया गया है।

अक्टूबर 2025 में क्वेटा में हुए हमले के बाद यह पहली बार है जब टीटीपी ने आधिकारिक तौर पर किसी आत्मघाती बम धमाके की जिम्मेदारी स्वीकार की है। गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से उग्रवाद और आतंकवाद से प्रभावित रहा है और इस ताजा हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि खैबर पख्तूनख्वा में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा आत्मघाती हमला है। इससे पहले मंगलवार को लक्की मरवत जिले के नौरंग बाजार में विस्फोटकों से भरे एक ऑटोरिक्शा के जरिए धमाका किया गया था, जिसमें दो पुलिसकर्मियों और एक महिला सहित कई लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा, इसी साल फरवरी में भी इस प्रांत में हुए एक आतंकी हमले में 5 पुलिसकर्मियों और दो नागरिकों की जान गई थी। लगातार हो रहे इन हमलों ने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ते आतंकी प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments (0)

Leave a Comment