Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

फिल्म की सफलता केवल बड़े बजट में नहीं- जाह्नवी कपूर

मुंबई। किसी भी फिल्म की सफलता केवल बड़े बजट, स्टारकास्ट या प्रचार पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसकी असली ताकत ईमानदारी, मेहनत और उसे बनाने के पीछे की नीयत में छिपी होती है।

यह कहना है बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर का। आगामी फिल्म ‘पेड्डी’ से जुड़े एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुईं जाह्नवी कपूर ने फिल्म निर्माण, दर्शकों की अपेक्षाओं और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपने अनुभवों को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने दर्शकों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि कलाकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी लोगों का मनोरंजन करना है और दर्शकों की राय को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। एक बातचीत में जाह्नवी कपूर ने कहा कि यदि कोई फिल्म पूरी निष्ठा, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ बनाई जाती है तो वह निश्चित रूप से दर्शकों तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर फिल्मों और कलाकारों को जल्दबाजी में परख लेते हैं, लेकिन अंततः दर्शक ही तय करते हैं कि किसी फिल्म को कितना प्यार मिलेगा। उनके अनुसार कलाकारों का पूरा प्रयास दर्शकों को बेहतर मनोरंजन देने का होता है और इसी कारण वे दर्शकों को भगवान के समान मानती हैं। जाह्नवी ने कहा कि फिल्म उद्योग में काम करने वाले सभी लोग दर्शकों की सेवा करने का प्रयास करते हैं और उनकी प्रतिक्रिया ही सबसे बड़ा पुरस्कार होती है। 

दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपने बढ़ते सफर को लेकर भी अभिनेत्री ने उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि तेलुगु सिनेमा में काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद सुखद और रोमांचक रहा है। वहां का कार्य वातावरण, लोगों का व्यवहार और फिल्मों के प्रति समर्पण उन्हें काफी प्रभावित करता है। हालांकि उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि मलयालम भाषा उनके लिए काफी कठिन साबित हुई है और शायद भविष्य में वह इस भाषा में काम करने की कोशिश नहीं करेंगी। उन्होंने माना कि मलयालम बेहद खूबसूरत भाषा है, लेकिन उसके उच्चारण और व्याकरण को सीखना आसान नहीं है। वहीं तमिल और तेलुगु भाषाओं के साथ वह खुद को अधिक सहज महसूस करती हैं और भविष्य में तमिल फिल्मों में भी काम करने की इच्छा रखती हैं। कार्यक्रम के दौरान जाह्नवी कपूर ने तेलुगु सुपरस्टार राम चरण की लोकप्रियता का भी उल्लेख किया। 

Comments (0)

Leave a Comment