Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पहली बार पर्दे पर दिखेगी ऋचा चड्ढा और अली फजल की जोड़ी

मुंबई । बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और अभिनेता अली फजल इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं। शादी के बाद अब दर्शकों को यह मौका पहली बार मिलने जा रहा है, जब दोनों पति-पत्नी एक ही फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में एक-दूसरे के अपोजिट नजर आएंगे। ऋचा और अली जल्द ही अभिनेता, लेखक और निर्देशक शाशी वर्मा की एक सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म में साथ दिखाई देंगे, जिसकी पृष्ठभूमि दिल्ली होगी। इस नए प्रोजेक्ट को लेकर दोनों कलाकार बेहद उत्साहित हैं और उनका कहना है कि यह उनके लिए बिल्कुल नया और रोमांचक अनुभव होने वाला है।

हाल ही में एक बातचीत के दौरान ऋचा चड्ढा ने इस फिल्म को लेकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने कहा, फिल्म की कहानी ने मुझे शुरुआत से ही अपनी ओर आकर्षित किया। यह रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी परिस्थितियों से बड़े ही सहज तरीके से हास्य पैदा करती है। सबसे खास बात यह है कि हंसी के बीच फिल्म समाज के बारे में एक महत्वपूर्ण बात भी कहती है, जो इसे और भी सार्थक बनाती है। ऋचा ने आगे बताया, दिल्ली पर आधारित इस कहानी में वापसी करना मेरे लिए कई प्यारी यादें भी लेकर आया, क्योंकि मेरी शुरुआती स्कूली पढ़ाई वहीं हुई है। अली और मैं पहले भी फिल्मों में नजर आ चुके हैं, लेकिन पर्दे पर इस तरह के रिश्ते को हमने कभी नहीं निभाया। अली एक बहुत सहज कलाकार हैं और मैं इस नई ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर बेहद उत्साहित हूं।

वहीं, अली फजल ने भी इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि असली कॉमेडी वही होती है, जो वास्तविक लोगों और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी से निकलकर आती है, न कि बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए या अवास्तविक किरदारों से। अली ने कहा, कॉमेडी सबसे अच्छी तब लगती है, जब वह वास्तविक लोगों और उनकी परिस्थितियों से जुड़ी हो। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि हर किरदार में अपनी कमियां, अलग-अलग आदतें और भावनात्मक सच्चाई है। यही बात इसके हास्य को और ज्यादा असरदार बनाती है। उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए आगे कहा, ऋचा के साथ ऐसी कहानी में काम करना, जिसमें हम पहली बार एक-दूसरे के अपोजिट हैं, मेरे लिए बेहद खास है। इतने सालों से हम एक-दूसरे को पेशेवर तौर पर जानते हैं, लेकिन इस तरह साथ काम करने का मौका हमें पहली बार मिला है। इसलिए यह अनुभव सचमुच रोमांचक है। निर्देशक शाशी वर्मा जिस तरह रोजमर्रा की जिंदगी को बारीकी से देखते हैं और उसे सिनेमा में उतारते हैं, वह मुझे हमेशा पसंद आया है। उनके साथ काम करने का मौका मिला तो मैंने तुरंत हामी भर दी।

Comments (0)

Leave a Comment