Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

फ्लिपकार्ट की मिनट्स से क्विक-कॉमर्स में प्रीमियम ग्रॉसरी की जंग तेज

नई दिल्ली । देश के तेजी से बढ़ते क्विक-कॉमर्स बाजार में मुकाबला और भी तीखा हो गया है। दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने अपनी क्विक-कॉमर्स सर्विस ‘मिनट्स’ के जरिए अब गॉरमे और प्रीमियम ग्रॉसरी सेगमेंट में धमाकेदार एंट्री की है। यह कदम बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कंपनियों के मुनाफा बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है, जहां अब सिर्फ मिनटों में रोजमर्रा का सामान ही नहीं, बल्कि खास और महंगे उत्पाद भी घर पहुंचेंगे। फ्लिपकार्ट ने अपनी इस नई पहल के तहत ग्राहकों तक खास तरह के प्रीमियम और स्पेशल फूड प्रोडक्ट्स पहुंचाना शुरू किया है। 

कंपनी ने इसके लिए पाइक्ड नाम से अपना एक प्राइवेट लेबल भी लॉन्च किया है, जिसके तहत चिप्स और नमकीन जैसे खुद के ब्रांड के उत्पाद बेचे जाएंगे। यह बिल्कुल स्विगी इंस्टामार्ट के नॉइस प्राइवेट लेबल मॉडल जैसा है। मिनट्स की नई गॉरमे रेंज में विदेशी चीज़, प्रीमियम कॉफी, लक्कड़-प्रेस तेल और घी, रामेन, नूडल्स, चॉकलेट्स, कंबुचा और बोबा जैसे विदेशी स्वाद वाले उत्पाद शामिल हैं। कंपनी की योजना है कि वह इस कैटेगरी में कई बड़े और प्रीमियम ब्रांड्स को भी जोड़ेगी। यह कदम क्विक-कॉमर्स कंपनियों की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। अब ये कंपनियां केवल रोजमर्रा के राशन तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि ग्राहकों को महंगे और उच्च-मूल्य वाले सामान खरीदने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। प्रीमियम उत्पाद जैसे स्पेशल कॉफी या इंपोर्टेड चीज़, आम किराने के सामान के मुकाबले काफी अधिक कीमत पर बिकते हैं, जिससे कंपनियों का औसत ऑर्डर साइज़ (जो वर्तमान में 500-700 रुपए है) और मुनाफा बढ़ता है। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत का क्विक-कॉमर्स बाजार, जो अभी 10-11 अरब डॉलर का है, साल 2030 तक 65-70 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे इस सेगमेंट में मुनाफे की दौड़ और तेज होने वाली है। प्रीमियम ग्रॉसरी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा पहले ही काफी तीव्र है। जेप्टो अपनी सिलेक्ट सर्विस तैयार कर रहा है, वहीं ब्लिंकिट गॉरमे रेंज पेश कर चुका है। बेंगलुरु की फर्स्टक्लब जैसी कंपनियां तो पूरी तरह इसी सेगमेंट पर केंद्रित हैं। एक ओर फ्लिपकार्ट मिनट्स के साथ इस बाजार में उतर रहा है, वहीं वह अपने पूरे बिजनेस का तेजी से विस्तार भी कर रहा है। सुपर.मनी जैसे फाइनेंशियल ऐप के बाद अब कंपनी ऑनलाइन फूड डिलीवरी के क्षेत्र में भी उतरने की तैयारी में है।

Comments (0)

Leave a Comment