Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

पूरे कपूर परिवार के घरों में गणेश चतुर्थी आज भी होती है- करिश्मा कपूर

मुंबई। एक समय था जब आरके स्टूडियो में गणपति बप्पा का भव्य स्वागत हुआ करता था, जिसमें फिल्मी दुनिया के बड़े सितारों के साथ-साथ स्टूडियो के कर्मचारी और आसपास रहने वाले लोग भी शामिल होते थे। फिल्म इंडस्ट्री में कपूर परिवार के लिए गणेश चतुर्थी का त्योहार हमेशा से एक ख़ास महत्व रखता आया है। इसी पुरानी और प्यारी परंपरा को कपूर परिवार ने आज भी अपने घरों में संभालकर रखा है। हाल ही में अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने इसी पुरानी याद को साझा किया और बताया कि उनके दादा, दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के समय आरके स्टूडियो में गणेश चतुर्थी का उत्सव किस तरह मनाया जाता था। ये यादें करिश्मा कपूर ने टेलीविजन के लोकप्रिय डांस रियलिटी शो इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5 के एक ख़ास एपिसोड में साझा कीं। इस एपिसोड में गणेश चतुर्थी के उत्सव पर बात करते हुए करिश्मा ने कहा, गणेश चतुर्थी आरके स्टूडियो में बहुत सालों से मनाई जाती थी और बहुत फेमस भी थी। सारे स्टाफ और आसपास के लोग आते थे। 

उन्होंने आगे बताया, जब से दादाजी गुज़र गए, वहाँ की गणेश चतुर्थी बंद हो गई है, लेकिन पूरे कपूर परिवार के घरों में गणेश चतुर्थी आज भी होती है। यह उत्सव हमारे परिवार का एक बहुत ज़रूरी हिस्सा है और हम सब चाहे कहीं भी हों, शूटिंग चल रही है, कुछ भी हो रहा है३ इन 10 दिनों में हम ज़रूर बप्पा के दर्शन करने जाते हैं। करिश्मा की इस बात ने दर्शकों को कपूर परिवार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। करिश्मा की बात सुनने के बाद, शो में मौजूद एक्ट्रेस अमृता खानविलकर ने भी गणपति बप्पा के साथ भक्तों के ख़ास रिश्ते पर अपने विचार रखे। अमृता ने कहा कि भगवान गणेश के साथ लोगों का रिश्ता बाकी देवी-देवताओं की तुलना में काफी अलग और ज़्यादा अपनापन भरा हुआ होता है। उन्होंने इस रिश्ते की अनूठी प्रकृति को समझाते हुए कहा, बप्पा ही एक ऐसे भगवान हैं जिन्हें हम अपना दोस्त बुलाते हैं, भाई बुलाते हैं और तू करके बुलाते हैं। 

अमृता ने भारतीय परिवारों में बड़ों के प्रति सम्मान दर्शाने की परंपरा का ज़िक्र करते हुए बताया कि आमतौर पर माता-पिता या बड़ों से बात करते समय सम्मान के लिए आप कहा जाता है, लेकिन गणपति बप्पा के साथ भक्तों का रिश्ता इतना सहज है कि उन्हें प्यार से अपना मानकर बुलाया जाता है। लोग प्यार से बप्पा, हा माझा बप्पा आहे (बप्पा मेरे हैं) कहते हैं। अमृता का मानना है कि यही अपनापन गणपति उत्सव को इतना ख़ास बनाता है और इसे एक पारिवारिक आयोजन का रूप देता है। गणेश चतुर्थी के इसी उत्साह और भक्ति को इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5 के इस ख़ास एपिसोड में भी देखने को मिलेगा। 


Comments (0)

Leave a Comment