Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

राघव चड्ढा ने आप को बताया दिलजला आशिक

वोटर लिस्ट विवाद पर तीखी बयानबाजी

चंडीगढ। पंजाब में वोटर लिस्ट में नाम कटने और दिल्ली की वोटर लिस्ट में जुड़ने के बाद भाजपा सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। आप की ओर से बेशर्मी का आरोप लगाने के बाद राघव चड्ढा ने पलटवार करते हुए आप को दिलजला आशिक करार दिया है। चड्ढा ने कहा कि जहां तक उनके वोट का सवाल है, आम आदमी पार्टी की ऐसी हालत हो गई है कि उन्हें रात को सपने में मैं भूत बनकर आता हूं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आप की हालत उस एक्स गर्लफ्रेंड जैसी है जिसे उसका बॉयफ्रेंड छोड़कर आगे निकल गया हो और अपनी जिंदगी में मूव ऑन कर गया हो। चड्ढा ने आगे कहा, मुझे ऐसा लगता है कि किसी दिन दिल जले आशिक की तरह मेरी याद में अपनी नसें ना काट लें। मुझे उनकी बड़ी चिंता रहती है।

इससे पहले, राघव चड्ढा ने पंजाब की आप सरकार पर राजनीतिक विद्वेष के कारण वोटर लिस्ट में उनका नाम शिफ्टेड कैटेगरी में डालने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि उनके पार्टी छोड़ने के बाद से आप उन्हें लगातार निशाना बना रही है और ऐसा लगता है कि वह अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को परेशान कर रहे हैं। इस पर आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में असामान्य तरीके से जुड़ने पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में राजिंदर नगर के संबंधित पोलिंग पार्ट में 746 मतदाता थे, लेकिन बाद में राघव चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के तौर पर जुड़ गया। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब ड्राफ्ट सूची में 746 नाम थे तो उसके बाद 747वां नाम किस प्रक्रिया के तहत जोड़ा गया, और चुनाव आयोग से इस पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की।

आप के प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने भी चड्ढा पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक 26 अगस्त को राघव चड्ढा ने दिल्ली में वोट बनवाने के लिए फॉर्म 6 दाखिल किया और 2 सितंबर को उनका वोट अप्रूव होकर जुड़ गया। ढांडा ने कहा कि 26 अगस्त को दिल्ली में वोट के लिए आवेदन करने और 3 सितंबर को पंजाब सरकार पर वोट कटवाने का आरोप लगाने से राघव चड्ढा और बीजेपी का बेशर्म चेहरा बेनकाब हो गया है।हालांकि, आप के इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग की सभी लागू गाइडलाइंस और तय प्रक्रिया का पालन किया है। 


Comments (0)

Leave a Comment