Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

साई पल्लवी की सादगी

मुंबई । हाल ही में अभिनेत्री निहारिका एनएम ने साई पल्लवी को अपनी पसंदीदा अभिनेत्री बताया है। सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन की दुनिया से फिल्मों में कदम रखने वाली निहारिका ने कहा कि साई पल्लवी की सादगी, शानदार अभिनय और उनका व्यक्तित्व उन्हें हमेशा प्रेरित करता है। निहारिका ने साई पल्लवी की तारीफ करते हुए आगे कहा, साई पल्लवी उन अभिनेत्रियों में से हैं, जिन्हें मैं लंबे समय से पसंद करती हूं। उनकी सादगी, खूबसूरती और अपने काम के प्रति समर्पण उन्हें सबसे अलग बनाता है। निहारिका का मानना है कि साई पल्लवी ने बिना किसी बनावटी छवि के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है, जो उन्हें बेहद पसंद आता है। उनके अनुसार, आज के समय में ऐसे कलाकार कम हैं जो अपनी स्वाभाविक शैली से लोगों का दिल जीतते हैं। 

साई पल्लवी के अलावा, निहारिका ने बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों तब्बू और दिवंगत श्रीदेवी की भी सराहना की। उन्होंने तब्बू को एक सदाबहार कलाकार बताया, जो आज भी अपनी अभिनय क्षमता से हर किरदार में जान डाल देती हैं। निहारिका ने तब्बू के अभिनय और डांस दोनों को शानदार बताते हुए उन्हें हर पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने दिवंगत श्रीदेवी को भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक करार दिया। बातचीत के दौरान निहारिका ने अपनी नई फिल्म भाई तेरा स्टार है के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इस फिल्म से जुड़ने का मुख्य कारण इसकी कहानी थी।  स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उन्हें लगा कि यह एक मजेदार फिल्म है जिसे वह खुद भी एक दर्शक के रूप में देखना पसंद करेंगी, इसलिए उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए हां कह दी। फिल्म में अभिनेता और डांसर राघव जुयाल के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए निहारिका ने कहा कि राघव के साथ काम करना ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन दोनों जगह बहुत मजेदार रहा। उन्होंने बताया कि पर्दे पर दो-तीन सेकेंड के दिखने वाले सीन को शूट करने में कई घंटे लग जाते हैं, ऐसे में राघव की ऊर्जा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है। विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी भाई तेरा स्टार है में राघव जुयाल, संजय कपूर, बरखा सिंह, चंदन रॉय सान्याल, विवान भटेना और विकल्प मेहता जैसे कई कलाकार नजर आ रहे हैं।


Comments (0)

Leave a Comment