Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

सामंथा ने पोस्ट की तस्वीरों और वीडियो की एक खास श्रृंखला

मुंबई । अपने प्रशंसकों के साथ जून महीने की खूबसूरत यादें साझा करते हुए अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों और वीडियो की एक खास श्रृंखला पोस्ट की है। पोस्ट के साथ सामंथा ने संक्षिप्त कैप्शन लिखा, जून किसी फेयरीटेल जैसा था। उनकी इस पोस्ट को फैंस के साथ-साथ फिल्मी सितारों ने भी खूब पसंद किया। इन तस्वीरों में उनकी फिटनेस, सुकून भरे पल, यात्रा, पालतू कुत्तों के साथ बिताया समय और पति राज निदिमोरु के साथ निजी क्षणों की झलक देखने को मिली। अभिनेत्री अनन्या पांडे ने भी कमेंट करते हुए प्यार जताया।

सामंथा द्वारा साझा की गई पहली तस्वीर में वह आइवरी रंग के खूबसूरत कढ़ाईदार एथनिक परिधान में बेहद आकर्षक अंदाज में नजर आईं। वहीं दूसरी तस्वीर में वह अपने घर में आराम करती दिखाई दीं, जहां उनके दोनों पालतू कुत्ते भी उनके साथ मौजूद थे। इसके अलावा उन्होंने जिम में वर्कआउट करते हुए अपना एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनका फिटनेस रूटीन दिखाई दिया। इस वीडियो में उनका बेबी बंप भी साफ नजर आने के बाद एक बार फिर उनकी प्रेग्नेंसी चर्चा का विषय बन गई। पोस्ट में शामिल अन्य तस्वीरों और वीडियो में वेलनेस रिट्रीट, प्राकृतिक नजारों, पसंदीदा भोजन, किताबों और रोजमर्रा की जिंदगी के कई खास पलों को भी जगह दी गई है। कुछ तस्वीरों में उनके पति और फिल्म निर्माता राज निदिमोरु भी दिखाई दिए, जिससे दोनों की निजी जिंदगी की झलक प्रशंसकों को देखने को मिली। हाल ही में अपनी फिल्म मा इंटी बंगारम की सफलता के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सामंथा ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि वह अपने मौजूदा प्रोजेक्ट पूरे करने के बाद कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बनाएंगी। उन्होंने कहा कि अपनी वर्तमान स्थिति को देखते हुए अब उन्हें मैटरनिटी ब्रेक लेना होगा। अभिनेत्री ने भरोसा दिलाया कि इस ब्रेक के बाद वह नई फिल्म के साथ फिर दर्शकों के बीच लौटेंगी।

कुछ दिन पहले फिल्म की सक्सेस सेलिब्रेशन के दौरान भी सामंथा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उस दौरान वह सफेद बॉडीकॉन टॉप और नीली डेनिम में नजर आई थीं, जिसके बाद उनके बेबी बंप को लेकर प्रेग्नेंसी की चर्चाएं तेज हो गई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पहले बच्चे का जन्म इसी वर्ष दिसंबर में होने की संभावना है। गौरतलब है कि सामंथा रूथ प्रभु ने फिल्म निर्माता राज निदिमोरु से विवाह किया है। राज, चर्चित निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके का हिस्सा हैं, जिन्होंने लोकप्रिय वेब सीरीज द फैमिली मैन बनाई है।

Comments (0)

Leave a Comment