Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों के खिलाफ आंदोलन तेज

नई दिल्ली। देश में शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप ले चुका है। जंतर-मंतर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब कई राज्यों तक फैल गया है। छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों के साथ कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल भी आंदोलन के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है।

आंदोलन ने उस समय नया मोड़ लिया जब प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज की स्थिति बनी। पुलिस ने लाठी भांजी और आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। सोशल मीडिया पर घायल छात्रों की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद इस मुद्दे पर देशभर में बहस तेज हो गई। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस ने इसे छात्रों की आवाज दबाने की कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। वहीं सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है। संसद में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। विपक्ष ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा घोटालों और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा। दिल्ली के अलावा अहमदाबाद सहित कई शहरों में भी प्रदर्शन हुए। अहमदाबाद में करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। आंदोलनकारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Comments (0)

Leave a Comment