Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

सीएसके मैनेजमेंट पर भड़के कृष्णमाचारी श्रीकांत

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत ने चेन्नई सुपर किंग्स प्रबंधन पर महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस को लेकर फैंस को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है। श्रीकांत ने कहा कि पूरी आईपीएल 2026 सीजन के दौरान फ्रेंचाइजी, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने लगातार ऐसे संकेत दिए कि धोनी जल्द मैदान पर वापसी करेंगे, लेकिन आखिर तक ऐसा नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर “एमएस धोनी स्कैम” ट्रेंड होने के बाद यह मामला और गरमा गया। पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अनिरुद्ध श्रीकांत ने भी अपने शो में फैंस की नाराजगी को उठाया, जिसके बाद कृष्णमाचारी श्रीकांत ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स ने बार-बार धोनी के अभ्यास के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर यह संदेश देने की कोशिश की कि वह फिट हैं और अगले मैच में खेल सकते हैं।

अपने यूट्यूब चौनल पर श्रीकांत ने कहा कि सीजन शुरू होने से पहले टीम की ओर से बताया गया कि धोनी को पैर में चोट है और वह जल्द वापसी कर सकते हैं। इसके बाद कोच स्टीफन फ्लेमिंग और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ लगातार यही कहते रहे कि धोनी अगले मुकाबले में उपलब्ध हो सकते हैं। मैच से पहले उनके ट्रेनिंग वीडियो दिखाए जाते रहे, जिससे फैंस को उम्मीद बंधती रही कि धोनी मैदान पर उतरेंगे। श्रीकांत ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि टीम प्रबंधन ने कभी स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया कि धोनी पूरे सीजन से बाहर हैं। कभी काफ इंजरी की बात कही गई, कभी फिटनेस में सुधार बताया गया और बाद में टीम संयोजन का हवाला दिया गया। अंत में एक और चोट का जिक्र सामने आया, जबकि आखिरी मैच के दौरान धोनी रांची पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि अगर शुरुआत में ही साफ कर दिया जाता कि धोनी इस पूरे सीजन में नहीं खेलेंगे, तो फैंस मानसिक रूप से तैयार रहते। लेकिन मैच दर मैच लोगों को उम्मीद में रखा गया। श्रीकांत के मुताबिक कप्तान रुतुराज गायकवाड़, कोच स्टीफन फ्लेमिंग और बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने लगातार भ्रम की स्थिति बनाए रखी।

पूर्व चयनकर्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि टीम प्रबंधन फैंस के साथ पारदर्शिता बरते। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों और कप्तानों में शामिल हैं, लेकिन उनके नाम का इस्तेमाल करके लोगों को भ्रमित करना सही नहीं है। श्रीकांत ने दो टूक कहा कि धोनी का दौर शानदार रहा है, लेकिन टीम को उनकी उपलब्धता को लेकर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए था, ताकि फैंस को बार-बार झूठी उम्मीद न दी जाए।


Comments (0)

Leave a Comment