Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

सर्जरी के बाद छलका सुमोना चक्रवर्ती का दर्द

मुंबई । टीवी अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर वापसी करते हुए अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रहे, क्योंकि उन्हें एंडोमेट्रियोसिस जैसी गंभीर बीमारी के चलते सर्जरी करानी पड़ी। अब स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद अभिनेत्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस कठिन समय ने उन्हें जीवन, स्वास्थ्य और सोशल मीडिया को बिल्कुल नए नजरिए से देखने की सीख दी है। सुमोना चक्रवर्ती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चार मई को उनकी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से वह दवाइयों और उपचार के जरिए इस बीमारी को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन समय के साथ समस्या बढ़ती गई। आखिरकार डॉक्टरों की सलाह पर सर्जरी करानी पड़ी। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने उन्होंने पूरी तरह अपनी रिकवरी पर ध्यान दिया और अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रही हैं।

अभिनेत्री ने अपने इलाज में सहयोग देने वाले डॉक्टरों और मेडिकल टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने केवल उनका इलाज ही नहीं किया, बल्कि उनके दर्द और मानसिक स्थिति को भी समझा। सुमोना ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह अनुभव किसी तरह की सहानुभूति प्राप्त करने के लिए साझा नहीं किया, बल्कि इसलिए बताया है ताकि इस बीमारी से जूझ रही अन्य महिलाओं को भी जागरूकता और हौसला मिल सके। उन्होंने कहा कि बीमारी के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब वह सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाने के बारे में सोचने लगी थीं। बाद में उन्हें महसूस हुआ कि यह मंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि उनके काम, परिवार और दोस्तों से जुड़े रहने का भी जरिया है। अब वह सोशल मीडिया पर ऐसी सकारात्मक कम्युनिटी बनाना चाहती हैं, जहां महिलाएं एंडोमेट्रियोसिस, मानसिक स्वास्थ्य, पेरिमेनोपॉज, फिटनेस, यात्रा, किताबों और पालतू जानवरों जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत कर सकें।

सुमोना ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अक्सर उनकी तस्वीरों पर शरीर को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं, जिनमें अधिकांश पुरुष शामिल होते हैं। इसके बावजूद वह अपनी निजी जिंदगी को निजी ही रखना चाहती हैं। हालांकि उनका मानना है कि यदि उनके अनुभव किसी अन्य व्यक्ति की मदद कर सकते हैं, तो उन्हें साझा करने में कोई संकोच नहींklkl होना चाहिए। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि सर्जरी के बाद उनके पेट पर तीन निशान रह गए हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इन्हें देखकर मन दुखी होता था, लेकिन अब यही निशान उन्हें याद दिलाते हैं कि उन्होंने जीवन की एक बड़ी लड़ाई जीत ली है। उनके अनुसार बढ़ती उम्र से डरने के बजाय उसे अनुभव, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति आभार के साथ स्वीकार करना चाहिए।

Comments (0)

Leave a Comment