Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

टेंशन में आ गया पाकिस्तान

भारत के नक्शे में गिलगित-बाल्टिस्तान

इस्लामाबाद। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) द्वारा जारी एक प्रमोशनल वीडियो ने पाकिस्तान को बुरी तरह भड़का दिया है। भारत के साथ आगामी क्रिकेट सीरीज के लिए बनाए गए इस वीडियो में एसीबी ने गिलगित-बाल्टिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत का अभिन्न अंग दिखाया है। रविवार को जब एसीबी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर यह वीडियो साझा किया, तो पाकिस्तान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस वीडियो पर गंभीर आपत्ति जताई है, जिससे दोनों देशों के पहले से ही जटिल संबंध और तनावपूर्ण हो गए हैं।

एसीबी के इस कदम से पाकिस्तान इतना परेशान है कि वह इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की संभावना पर विचार कर रहा है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। गौरतलब है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से सीमा विवाद को लेकर कई बार झड़पें और गोलीबारी हुई हैं। पाकिस्तान अक्सर आरोप लगाता रहा है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) अफगानिस्तान के समर्थन से हमले करता है और आतंकवाद के लिए पड़ोसी देश को जिम्मेदार ठहराता है। जानकारों का मानना है कि भले ही भारत और तालिबान के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित न हुए हों, लेकिन अफगानिस्तान के साथ भारत के संबंध खराब नहीं हुए हैं। भारत अफगानिस्तान को आर्थिक विकास के मोर्चे पर लगातार मदद कर रहा है। ऐसे में अफगानिस्तान द्वारा इस तरह का वीडियो जारी करना उसकी विदेश नीति में स्वतंत्रता का प्रदर्शन माना जा रहा है।

यह दर्शाता है कि अफगानिस्तान पाकिस्तान की चिंताओं की परवाह किए बिना भारत के साथ अपने संबंधों को आगे बढ़ाना चाहता है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी पोस्ट में इस सीरीज को लेकर लिखा, यह सीरीज दो देशों को करीब लाएगी, जिनका इतिहास और संस्कृति जुड़ी हुई है। यह सिर्फ एक मैच से कहीं अधिक है। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह क्रिकेट सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी। दोनों देश व्यापार और आर्थिक सहयोग पर ताजा बातचीत में विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं, जिसमें सीमा शुल्क, डेटा-साझाकरण, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि में नियामक सहयोग और व्यापार संपर्क में सुधार शामिल है।


Comments (0)

Leave a Comment