Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

थोड़ी सी सावधानी से कार को लंबे समय तक रख सकते हैं सुरक्षित

नई दिल्ली । बारिश के मौसम में अपनी इलेक्ट्रिक कार (ईवी) को पूरी तरह से तैयार रखना आवश्यक होता है। बारिश का मौसम ईवी की बैटरी, मोटर, चार्जिंग सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स के लिए चुनौती बन सकता हैं। थोड़ी सी सावधानी से आप मानसून में भी अपनी कार को सुरक्षित, परफॉर्मेंस से भरपूर और लंबे समय तक चला सकते हैं। प्री-मानसून चेकअप न केवल ब्रेकडाउन और महंगे रिपेयर से बचाता है, बल्कि आपकी ड्राइविंग को आरामदायक और सुरक्षित भी बनाता है। यहाँ 5 सबसे जरूरी टिप्स दिए गए हैं, जो हर ईवी मालिक को फॉलो करने चाहिए। सबसे पहले, बैटरी और चार्जिंग सिस्टम की जांच करवाएं। पानी और नमी बैटरी टर्मिनल्स को प्रभावित कर सकती है, इसलिए चार्जिंग पोर्ट और केबल को साफ रखें तथा किसी भी दरार या ढीलेपन को देखें। 

अगर कार को पानी में खड़ा करना पड़े तो बैटरी को 20-80 प्रतिशत के बीच चार्ज रखें और घर पर इंस्टॉल्ड चार्जर की वाटरप्रूफिंग जरूर जांच लें। दूसरा, टायर और ब्रेक सिस्टम की देखभाल करें। मानसून में सड़कें फिसलन भरी होती हैं, इसलिए टायरों का ट्रेड डेप्थ कम से कम 4एमएम होना चाहिए और एयर प्रेशर सही रखें। ब्रेक पैड, डिस्क और फ्लुइड को चेक करवाएं, साथ ही रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम का भी परीक्षण कर लें। तीसरा, वॉटरप्रूफिंग और सीलिंग पर ध्यान दें। कार के दरवाजे, बूट और चार्जिंग पोर्ट की रबर सील्स को जांचें ताकि कोई दरार न हो। अंडरबॉडी और मोटर स्पेस में पानी घुसने से बचाने के लिए प्रोफेशनल अंडरसीलिंग करवाएं। हाई वाटर लेवल वाले इलाकों में कार को चलाने से बचें। चौथा, वाइपर, लाइट्स और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच अनिवार्य है। वाइपर ब्लेड्स अगर पुराने हों तो बदलें। हेडलाइट्स, टेललाइट्स और इंडिकेटर्स की पूरी जांच करें, क्योंकि पानी अंदर जाने से शॉर्ट सर्किट हो सकता है। एसी और डीफॉगर सिस्टम को भी टेस्ट करें, क्योंकि मानसून में धुंध ज्यादा होती है। पांचवां और अंतिम, क्लीनिंग, स्टोरेज और इमरजेंसी तैयारी करें। कार को अच्छी तरह से साफ करें, खासकर बैटरी पैक के आसपास। नमी सोखने वाले ड्रायिंग एजेंट इस्तेमाल करें। लंबे समय तक पार्किंग में रखने पर बैटरी को 50 प्रतिशत चार्ज पर रखें। इमरजेंसी किट में टॉर्च, फर्स्ट एड, चार्जिंग केबल और टो रोप जैसी चीजें रखें। संभव हो तो किसी ईवी सर्विस सेंटर से पूरी जांच करवाएं। 

Comments (0)

Leave a Comment